गुना में गाय चराने गए युवक की हत्या, जंगल में मिला शव, मंगलवार से था लापता
गुना, 04 फ़रवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के गुना जिले के म्याना थाना क्षेत्र अंतर्गत भदौरा गांव के जंगल में एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। गाय चराने गए युवक की हत्या कर दी गई थी। वह मंगलवार से लापता था। बुधवार सुबह उसकी सिर कटी लाश जंगल में मिली। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी अनुसार बुधवार सुबह ग्रामीणों ने भदौरा गांव के जंगल में एक शव पड़ा देखा और इसकी सूचना म्याना थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। वहां एक युवक का शव पड़ा हुआ था। उसकी गर्दन धड़ से अलग थी। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि किसी धारदार चीज से उसका गला काटकर हत्या की गई थी।
मृतक की पहचान
मृतक की पहचान रतिराम कुशवाह (उम्र लगभग 40 से 50 वर्ष) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार रतिराम मंगलवार को रोज की तरह गाय चराने जंगल गया था, लेकिन देर शाम तक घर वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। बुधवार सुबह जंगल में शव मिलने की सूचना मिली।
पुलिस जांच जारी
शव मिलने की जानकारी के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच की जा रही है। घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है। फिलहाल हत्या के कारणों और आरोपियों के बारे में कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आ सकी है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

