भोपाल: युवक ने ससुराल में किया सुसाइड, पत्नी लखनऊ गई हुई थी, ससुर ने दरवाजा तुड़वाकर निकलवाया शव
भोपाल, 04 फ़रवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के गोविंदपुरा इलाके में एक युवक ने अपने ससुराल में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना मंगलवार रात की है। बुधवार दाेपहर को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। फिलहाल पुलिस मामला दर्ज कर आगे की पड़ताल में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान 36 वर्षीय मनोज बहेलिया पुत्र अरुण बहेलिया के रूप में हुई है। मनोज मूल रूप से लखनऊ का रहने वाला था। वह पिछले करीब एक साल से भोपाल के गोविंदपुरा स्थित इंडस्ट्रियल एरिया में एक फैक्ट्री में मजदूरी कर रहा था। काम के चलते वह अपनी पत्नी और सास-ससुर के साथ उनके मकान में रह रहा था। मंगलवार रात करीब 10 बजे मनोज की सास उसे खाने के लिए बुलाने उसके कमरे तक पहुंची। उस समय कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। कई बार आवाज देने के बावजूद अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इस पर सास ने अपने पति को इसकी जानकारी दी। इसके बाद ससुर ने पड़ोसियों की मदद से कमरे का दरवाजा तोड़ा। अंदर देखा गया तो मनोज का शव फंदे पर लटका हुआ था। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
माैके से नहीं मिला काेई सुसाइड नोट
पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। सास-ससुर से पूछताछ में सामने आया है कि मनोज पिछले कुछ समय से आर्थिक तंगी से जूझ रहा था। घटना के समय उसकी पत्नी लखनऊ स्थित मायके में थी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

