home page

सक्रियता, समन्वय व टीम भावना के साथ संगठन के कार्यों को आगे बढ़ाएं कार्यकर्ता: मोहन यादव

 | 
सक्रियता, समन्वय व टीम भावना के साथ संगठन के कार्यों को आगे बढ़ाएं कार्यकर्ता: मोहन यादव


भोपाल, 06 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में युवा मोर्चा की परिचयात्मक बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि मोर्चा कार्यकर्ता सक्रियता, समन्वय व टीम भावना के साथ सरकार और संगठन के कार्यों को आगे बढ़ाएं।

बैठक को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल और क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने भी संबोधित किया। बैठक में पार्टी के प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी, मोर्चा प्रभारी मनोरंजन मिश्रा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

समाज के अंतिम पंक्ति तक पहुंच बनाने के लिए कार्य करें - डॉ. मोहन यादव

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि युवा देश के भविष्य हैं। आप सभी युवा कार्यकर्ता आने वाले समय में बड़े दायित्व निभाने के लिए खुद को तैयार करते रहे, क्योंकि भाजपा देश की एक मात्र ऐसी पार्टी है जिसके सामान्य कार्यकर्ता पार्टी के सबसे बड़े दायित्व तक पहुंचते हैं। भाजपा के बूथ के कार्यकर्ता और बूथ के अध्यक्ष भी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बन जाते हैं। इसलिए आप सभी कार्यकर्ता संगठन की मजबूती के लिए कार्य करें। मोर्चा कार्यकर्ता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और मध्य प्रदेश की भाजपा सरकार की उपलब्धियां, जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम पंक्ति के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य करें।

पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाकर संगठन को बुलंदियों तक पहुंचाएं - खण्डेलवाल

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि युवा मोर्चा कार्यकर्ता पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाकर संगठन को और बुलंदियों तक पहुंचाएं। मोर्चा कार्यकर्ता संगठन विस्तार के लिए कार्य करें। युवा मोर्चा कार्यकर्ता भाजपा की रीति-नीति को जनता तक पहुंचाएं और बताएं कि हमारी पार्टी राष्ट्रवाद के आधार पर देश को आगे ले जाने के लिए कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भारत को वर्ष 2047 विकसित और आत्मनिर्भर बनाने के लिए कार्य कर रहे हैं। युवा मोर्चा के सभी कार्यकर्ता संगठन को और बुलंदियों तक पहुंचाएं और भारत को आत्मनिर्भर बनाने में अपना सहयोग प्रदान करें। युवाओं को संगठन से जोड़कर घर-घर तक पार्टी की पहुंच बनाएं।

अधिक से अधिक युवाओं को संगठन से जोड़ेगा युवा मोर्चा - श्याम टेलर

भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर ने कहा कि युवा मोर्चा कार्यकर्ता पूरी सक्रियता के साथ पार्टी संगठन द्वारा दिए गए दायित्व का निर्वहन करेंगे। युवा मोर्चा कार्यकर्ता प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्य प्रदेश की भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों, योजनाओं और कार्यों को जन-तन तक पहुंचाएंगे। मोर्चा की संगठनात्मक गतिविधियों को आगे बढ़ाते हुए आने वाले दिनों में जिलों में आयोजन कर संगठन को और मजबूत बनाया जाएगा। पार्टी की विचारधारा को आगे बढ़ाते हुए अधिक से अधिक संख्या में युवाओं को संगठन से जोड़कर गांव-गांव तक मोर्चा की पहुंच को बढ़ाया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर