home page

भोपाल को झुग्गी मुक्त बनाने के लिए तत्परता से कार्य करें : संभागायुक्त्त शर्मा

 | 
भोपाल को झुग्गी मुक्त बनाने के लिए तत्परता से कार्य करें : संभागायुक्त्त शर्मा


भोपाल, 02 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के भोपाल संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा ने निर्देश दिए हैं कि राजधानी को झुग्गी मुक्त बनाने और उनमें रह रहे नगरवासियों को स्वच्छ वातावरण एवं सुविधायुक्त प्रधानमंत्री आवास दिलवाने के लिए अधिकारीगण तत्परतापूर्वक कार्रवाई करें।

संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा ने यह निर्देश सोमवार को संभागायुक्त कार्यालय में नगर निगम के अधिकारियों के साथ प्रधानमंत्री आवास योजना संबंधी बैठक में दिए। बैठक में आयुक्त नगर निगम रामप्रकाश अहिरवार, संयुक्त आयुक्त राजस्व डॉ. विनोद यादव, अपर आयुक्त नगर निगम आशीष वशिष्ठ, सीईओ बीडीए श्यामवीर सिंह, अपर कलेक्टर पी.सी शाक्य सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

बैठक में संभागायुक्त ने नगर निगम के झुग्गी मुक्त भोपाल प्रोजेक्ट पर विस्तार से चर्चा की। निगम आयुक्त द्वारा झुग्गी मुक्त भोपाल की प्रस्तावित कार्य योजना का विस्तृत प्रजेन्टेशन संभाग आयुक्त के समक्ष दिया। बैठक में बताया गया कि झुग्गी मुक्त भोपाल प्रोजेक्ट के अंतर्गत वल्लभ भवन पहाड़ी, अरेरा हिल्स, एम.पी.नगर, बाणगंगा क्षेत्र, पत्रकार कॉलोनी, मैनिट और कोलार तिराहा आदि क्षेत्रों को झुग्गी मुक्त किए जाने की योजना है। इसके लिए दानापानी सब्जी फार्म, राजीव नगर, अर्जुन नगर आदि क्षेत्रों में प्रधानमंत्री आवास बनाए जाने की योजना है, जिनमे झुग्गीवासियों को विस्थापित किया जाएगा। पहले आवास निर्माण का कार्य किए जाना है, इसके बाद विस्थापन की कार्रवाई होगी। दानापानी फे-1 के अंतर्गत 7560 ई.डब्ल्यू.एस आवास बनाए जाने की योजना है।

भोपाल शहर के सभी रोड दीपावली के पहले हों गड्ढा मुक्त

संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा ने ने संभागायुक्त कार्यालय में सोमवार को भोपाल शहर एवं संभाग के सभी जिलों की सड़कों एवं राष्ट्रीय राजमार्गों के सम्बन्ध में सड़क निर्माण एजेंसियों की बैठक ली। इस दौरान उन्होंने निर्देश दिए कि भोपाल शहर के सभी रोड तक दीपावली तक गड्ढा मुक्त करें एवं रिंग रोड की मरम्मत की जाए। इसके साथ ही ब्लेक स्पॉट फ्री एवं चौराहों को लेफ्ट टर्न फ्री बनाने के निर्देश भी दिए गए।

संभागायुक्त ने बैठक में भोपाल शहर एवं आस-पास की सड़कों को दीवाली के पूर्व मरम्मत कार्य कर गड़ढ़ा मुक्त करने एवं ब्लैक स्पॉट दूर करने के लिए प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बैठक में शहर के सभी मार्गों के रोड रेस्टोरेंशन का कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। बैठक में भोपाल शहर के आसपास के राष्ट्रीय राज्य मार्गों में मेंटेनेंस का कार्य 15 नवंबर तक पूर्ण करने तथा इज्तिमा की तैयारियों को लेकर शहर के चारों तरफ के मार्गों का कार्य 20 नवंबर तक पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इज्तिमा स्थल के लिए पहुँच मार्ग के कार्यों को तय समय में पूर्ण करें।

संभागायुक्त ने कहा कि आगामी जनवरी माह में भोपाल में जीआईएस प्रस्तावित है। उन्होंने भोपाल के आसपास सांची, भोजपुर जैसे पर्यटन स्थलों की सड़कों पर भी ध्यान देने के निर्देश दिए। मेट्रो के निर्माण के दौरान क्षतिग्रस्त सड़कें सुधारने में तत्परता बरतने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि समग्र रूप से यह सुनिश्चित करें कि सड़कें बेहतर हों और आम जनता को परेशानी न हो। इसके साथ ही मेट्रो वाले मार्गों की सड़कों के लिए मेट्रो एवं संबंधित निर्माण एजेंसी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें एवं मार्गों पर तत्काल प्रभाव से सुगम आवागमन सुनिश्चित करें।

संभागायुक्त शर्मा ने बैठक में निर्देश दिए वर्षाकाल में खराब हुई सडकों को दुरुस्त करें एवं कहीं भी ट्रैफिक जाम की स्थिति न बने। उन्होंने कहा कि भोपाल शहर में सड़कों के निर्माण एवं रख-रखाव के लिए कार्य कर रही सभी एजेंसियों में परस्पर समन्वय रहना चाहिए। शर्मा ने संत हिरदाराम नगर में बन रहे ओवर ब्रिज की धीमी गति पर असंतोष व्यक्त किया और कहा कि यह निर्माण निर्धारित समय में पूरा होना चाहिए। इसके साथ ही रातीबड़ से सीहोर मार्ग को शीघ्र दुरूस्त कर इंदौर रोड पर ट्रैफिक के दबाब को कम करने के निर्देश दिए।

संभागायुक्त शर्मा ने निर्देश दिए कि बारिश के दौरान खराब हुई सड़कों के रख-रखाव का कार्य 10 दिन में पूर्ण करें। शर्मा ने भोपाल शहर की ओर आने वाले मार्गों पर भी मरम्मत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने संभाग में राष्ट्रीय राजमार्गों के निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। भोपाल बायपास रोड रायसेन जंक्शन पर निर्माणाधीन फ्लाई ओवर के पास एप्रोच रोड बनाने एवं रोड सेफ्टी को ध्यान में रखते हुए साइनेज, रेडियम लगाने के निर्देश भी दिए गए। इसके साथ ही एनएचएआई के प्रोजेक्ट तय समय - सीमा में पूर्ण करने के निर्देश भी दिए गए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर