मप्र में पंचायत उपचुनावों की मतगणना जारी, सुसनेर नगर परिषद अध्यक्ष पद पर भाजपा की जीत
भोपाल, 03 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश में पंचायत और नगर निकाय उपचुनाव की मतगणना चल रही है। शनिवार सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू हुई। आगर-मालवा जिले की सुसनेर नगर परिषद अध्यक्ष सीट पर भाजपा ने कब्जा कर लिया है। यहां से भाजपा प्रत्याशी प्रदीप सोनी ने कांग्रेस के विष्णु पाटीदार को 960 वोट से हराया।
नगर परिषद् सुसनेर जिला आगर मालवा में हुए अध्यक्ष पद के निर्वाचन में भारतीय जनता पार्टी के अभ्यर्थी प्रदीप बद्रीलाल सोनी विजयी घोषित किये गए हैं। सोनी को 5663 मत तथा इंडियन नेशनल कांग्रेस के विष्णु प्रसाद पाटीदार को 4703 मत प्राप्त हुए हैं। दोनों प्रत्याशियों के बीच 960 वोटों का अंतर रहा।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सुसनेर की जीत पर बधाई दी। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि सुसनेर में विकास का कमल खिला। उन्होंने सुसनेर नगर परिषद के अध्यक्ष पद के उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी प्रदीप सोनी को विजयश्री प्राप्त करने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। उन्होंने लिखा कि यह विजय जनता के विश्वास और भाजपा की विकास एवं जनकल्याणकारी नीतियों में आस्था की जीत है। इस शानदार विजय के लिए सुसनेर की जनता, सभी भाजपा कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों एवं समर्थकों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।
राजनगर में भी भाजपा समर्थित प्रत्याशी जीतीं
छतरपुर जिले के राजनगर क्षेत्र की सीलोन पंचायत के उपचुनाव में भाजपा समर्थित रामसखी पटेल ने जीत दर्ज की। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 453 वोट से हराया। चुनाव को देखते हुए मतदान से लेकर मतगणना तक सुरक्षा के इंतजाम किए गए थे।
पंचायत उपचुनाव में कई जगह बदला समीकरण
प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में पंचायत उपचुनाव के परिणाम भी घोषित किए जा रहे हैं। शुरुआती परिणामों में कई सीटों पर भाजपा और कांग्रेस समर्थित प्रत्याशियों को जीत मिली है। देवास जिला पंचायत वार्ड-14 से कांग्रेस समर्थित सुनील अमानसिंह चौहान विजयी रहे। तेगांव की साकट्या पंचायत में सरपंच पद पर लक्ष्मीनारायण लच्छू ने जीत दर्ज की। तलाम की इटावा माताजी पंचायत में भाजपा समर्थित कुशालसिंह चुनाव जीते। निवाली जनपद पंचायत वार्ड-8 से कांग्रेस समर्थित अनीता गजानंद सोलंकी विजयी हुईं। दमोह के बटियागढ़ ब्लॉक में जनपद सदस्य पद पर बाबूलाल सौर ने जीत हासिल की।
गौरतलब है कि उपचुनाव के लिए 29 सितंबर को मतदान कराया गया था। पंचायतों में खाली पदों को भरने के लिए वोट डाले गए थे। मतदान के बाद शनिवार को सभी संबंधित केंद्रों पर मतगणना कराई गई। सुरक्षा को देखते हुए मतगणना स्थलों पर पुलिस बल भी लगाया गया था।
103 पदों के लिए हुई थी वोटिंग
पंचायत उपचुनाव की प्रक्रिया प्रदेश में रिक्त पदों को भरने के लिए कराई गई थी। कुल 4,235 पदों के लिए प्रक्रिया शुरू हुई थी। इनमें कई पदों पर प्रत्याशी निर्विरोध चुने गए, जबकि कुछ जगह नामांकन नहीं होने के कारण चुनाव नहीं कराया गया। जिन पदों के लिए मतदान हुआ, उनमें 4 पंच, 79 सरपंच, 15 जनपद पंचायत सदस्य और 5 जिला पंचायत सदस्य के पद शामिल थे। इन चुनावों में औसतन 56.62 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था। अब मतगणना पूरी होने के साथ जिलों से परिणाम लगातार सामने आ रहे हैं। शेष सीटों के नतीजे भी संबंधित जिलों से जारी किए जा रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

