home page

एशियन अंडर-23 एथलेटिक्स चैंपियनशिप में मप्र के विनोद सिंह ने जीता कांस्य पदक

 | 
एशियन अंडर-23 एथलेटिक्स चैंपियनशिप में मप्र के विनोद सिंह ने जीता कांस्य पदक


- 5000 मीटर दौड़ में शानदार प्रदर्शन करते हुए देश और प्रदेश का बढ़ाया गौरव

भोपाल, 10 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश राज्य एथलेटिक्स अकादमी के प्रतिभाशाली धावक विनोद सिंह ने चीन के ओरदोस में आयोजित प्रथम एशियन अंडर-23 एथलेटिक्स चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुषों की 5000 मीटर दौड़ में 14:23.67 मिनट का समय निकालकर कांस्य पदक अपने नाम किया। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत और मध्य प्रदेश का गौरव बढ़ाया।

जनसम्पर्क अधिकारी दुर्गेश रायकवार ने शुक्रवार को जानकारी देते हुए बताया कि चैंपियनशिप के 5000 मीटर फाइनल में एशिया के सर्वश्रेष्ठ युवा धावकों के बीच हुई कड़ी प्रतिस्पर्धा में विनोद सिंह ने उत्कृष्ट धैर्य, गति और रणनीति का परिचय देते हुए तीसरा स्थान हासिल किया। उनका यह प्रदर्शन भारतीय एथलेटिक्स के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि है तथा आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए भी सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।

मंत्री सारंग ने दी बधाई

प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने विनोद सिंह को इस उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि, एशियन अंडर-23 एथलेटिक्स चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतना मध्य प्रदेश और देश दोनों के लिए गर्व का विषय है। विनोद सिंह ने अपनी मेहनत, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रदर्शन से प्रदेश का मान बढ़ाया है। मुझे विश्वास है कि वे भविष्य में भी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत के लिए अनेक गौरवपूर्ण उपलब्धियां अर्जित करेंगे।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण, आधुनिक खेल सुविधाएं एवं बेहतर प्रतिस्पर्धात्मक अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसी का परिणाम है कि मध्यप्रदेश के खिलाड़ी लगातार अंतर्राष्ट्रीय मंचों पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं और प्रदेश को खेलों के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचा रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर