home page

विदिशाः भूकंप आपदा से निपटने के लिए युवाओं को दिया गया प्रशिक्षण, सिखाए गए बचाव और राहत के गुर

 | 
विदिशाः भूकंप आपदा से निपटने के लिए युवाओं को दिया गया प्रशिक्षण, सिखाए गए बचाव और राहत के गुर


विदिशा, 27 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के विदिशा जिले में आपदा प्रबंधन को सशक्त बनाने एवं भूकंप जैसी आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने के उद्देश्य से शुक्रवार को एक दिवसीय “भूकंप पूर्व तैयारी, क्षमतावर्धन एवं बचाव संबंधी जन-जागरूकता प्रशिक्षण कार्यक्रम” का आयोजन किया गया। इसमें युवाओं को बचाव और राहत के गुर सिखाए गए।

यह कार्यक्रम जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, होमगार्ड, नागरिक सुरक्षा एवं एसडीईआरएफ के संयुक्त तत्वावधान में सम्राट अशोक पॉलिटेक्निक कॉलेज, विदिशा के स्मार्ट क्लास कक्ष में आयोजित हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अपर कलेक्टर अनिल कुमार डामोर ने मां सरस्वती की प्रतिमा को माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

अपर कलेक्टर डामोर ने प्रशिक्षण में शामिल एनएसएस, नेहरू युवा केंद्र एवं स्काउट-गाइड के छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण से युवाओं में आपदा के समय त्वरित प्रतिक्रिया एवं राहत कार्यों में सहयोग की क्षमता विकसित होती है। उन्होंने प्रतिभागियों से अपील की कि वे प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान को समाज में भी साझा करें।

कार्यक्रम के प्रारंभ में होमगार्ड एवं एसडीईआरएफ की प्लाटून कमांडर रश्मि दुबे ने प्रशिक्षण की रूपरेखा एवं उद्देश्य पर प्रकाश डाला। प्रशिक्षण सत्र के दौरान उन्होंने एवं एसडीईआरएफ के प्रशिक्षित जवानों ने भूकंप एवं अन्य आपदाओं की प्रकृति, आपदा पूर्व तैयारी, सुरक्षित व्यवहार तथा ध्वस्त संरचनाओं में खोज एवं बचाव (CSSR) तकनीकों की विस्तृत जानकारी दी।

डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट होमगार्ड एवं एसडीईआरएफ मयंक कुमार जैन ने आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 के प्रमुख प्रावधानों, राहवीर योजना एवं अन्य महत्वपूर्ण पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए प्रतिभागियों को आपदा के समय कानूनी एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं से अवगत कराया।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। यह प्रमाण-पत्र डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट मयंक कुमार जैन एवं प्लाटून कमांडर रश्मि दुबे द्वारा प्रदान किए गए। इस अवसर पर एएसआई एल.एन. विश्वकर्मा सहित होमगार्ड एवं एसडीईआरएफ के अधिकारी-कर्मचारी एवं जवान उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर