विदिशाः हर हाथ में तिरंगा, हर दिल में देशभक्ति, शहर में निकली भव्य तिरंगा यात्रा
विदिशा, 13 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के विदिशा में स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत गुरुवार को जिला प्रशासन द्वारा भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। देशभक्ति के रंग में रंगी इस यात्रा में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, विद्यार्थियों, खिलाड़ियों और शहरवासियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश दिया।
यात्रा की सबसे खास बात यह रही कि इसमें शामिल हर व्यक्ति के हाथ में तिरंगा और दिल में देशभक्ति का जज्बा नजर आया। तिरंगे के साथ कदम से कदम मिलाकर चलते नागरिकों ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता, भाईचारे और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया। पूरे मार्ग में देशभक्ति का उत्साह और उमंग देखते ही बन रही थी।
इस अवसर पर विधायक मुकेश टंडन ने यात्रा को संबोधित करते हुए बड़ी संख्या में शामिल नागरिकों का आभार व्यक्त किया और तिरंगा यात्रा को भव्य एवं सफल बनाने के लिए सभी को धन्यवाद दिया।
विधायक टंडन ने कहा कि हमारा देश विभिन्न भाषाओं, संस्कृतियों और विभिन्न संप्रदायों को मानने वाला देश है, तिरंगे के सम्मान में हम सभी एकजुट होकर खड़े हैं। तिरंगा हमारी आन, बान और शान का प्रतीक है तथा यह देश की एकता और अखंडता का संदेश देता है।उन्होंने कहा कि देश को आजादी आसानी से नहीं मिली। स्वतंत्रता प्राप्ति के लिए हमारे वीर शहीदों और महान क्रांतिकारियों ने अपने प्राणों का बलिदान दिया। उनके त्याग और संघर्ष के परिणामस्वरूप ही आज हम स्वतंत्र भारत में सांस ले रहे हैं। इसलिए प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह देश की स्वतंत्रता, एकता और अखंडता के महत्व को समझे तथा राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाए।
विधायक टंडन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2047 तक भारत को दुनिया का सबसे शक्तिशाली और विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य है। इस दिशा में देश निरंतर प्रगति कर रहा है और विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि देश की प्रगति में युवाओं और बच्चों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
बच्चों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि वे जिस भी क्षेत्र में जाएं, वहां सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का प्रयास करें और अपने उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करें। उन्होंने कहा कि बच्चों को अच्छी शिक्षा मिले, किसानों को उन्नत खेती के अवसर प्राप्त हों और व्यवसाय एवं रोजगार के क्षेत्र में भी निरंतर विकास हो—इन सभी क्षेत्रों को आगे बढ़ाकर ही हम भारत को मजबूत और आत्मनिर्भर राष्ट्र बना सकते हैं।
इस अवसर पर विधायक टंडन ने नागरिकों को नशे के दुष्प्रभावों से भी अवगत कराया। उन्होंने युवाओं एवं आमजन से नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ, सकारात्मक और संस्कारयुक्त जीवन अपनाने का आह्वान किया। सभा के अंत में स्वच्छता की शपथ दिलाई गई।
तिरंगा यात्रा में जिला पंचायत अध्यक्ष गीता रघुवंशी, जनपद पंचायत अध्यक्ष वीर सिंह रघुवंशी, राकेश जादौन, राकेश शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, कलेक्टर अंशुल गुप्ता, पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी और विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, स्कूली छात्र-छात्राएं, खिलाड़ी तथा सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में शामिल हुए। शहर के गणमान्य नागरिकों ने भी उत्साह के साथ यात्रा में भाग लेकर आयोजन को भव्यता प्रदान की।
भव्य तिरंगा यात्रा में गूंजे देशभक्ति के उद्घोष, स्थानीय नागरिकों ने पुष्पवर्षा से किया आत्मीय स्वागत -
शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय से भव्य तिरंगा यात्रा का शुभारंभ हुआ। यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए माधवगंज पहुंचकर संपन्न हुई। तिरंगा यात्रा गुलाब वाटिका, डंडापुरा, बड़ा बाजार, तिलक चौक एवं निकासा से होकर गुजरी। यात्रा के दौरान नगरवासियों में देशभक्ति और उत्साह का अद्भुत माहौल देखने को मिला। मार्ग में स्थानीय नागरिकों ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर तिरंगा यात्रा का आत्मीय एवं भव्य स्वागत किया। हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारों के साथ लोगों ने यात्रा में उत्साहपूर्वक सहभागिता की। पूरे नगर में राष्ट्रप्रेम और एकता का संदेश देते हुए यह यात्रा आकर्षण का केंद्र बनी रही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

