विदिशाः जल गंगा संवर्धन अभियान के समापन कार्यक्रम में मंत्री उदय प्रताप सिंह हुए शामिल
- गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर दिया जोर, 10 हजार स्मार्ट क्लास शुरू करने की तैयारी
विदिशा, 30 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह मंगलवार को विदिशा के अटल पार्क में आयोजित जल गंगा संवर्धन अभियान के समापन समारोह में शामिल हुए। जिले में 19 मार्च से 30 जून तक संचालित इस अभियान के माध्यम से जल संरक्षण, जल स्रोतों के पुनर्जीवन और जनसहभागिता को बढ़ावा देने की दिशा में व्यापक कार्य किए गए।
कार्यक्रम में मंत्री सिंह ने मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में पूरे प्रदेश में जल गंगा संवर्धन अभियान का सफल संचालन हुआ है। इस जनअभियान में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों तथा आम नागरिकों की सक्रिय सहभागिता रही, जिसके लिए सभी बधाई के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि अभियान के माध्यम से प्राचीन जल स्रोतों का जीर्णोद्धार, नए तालाबों का निर्माण तथा जल संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य हुए हैं। मध्य प्रदेश ने जल संरक्षण के क्षेत्र में पूरे देश में उत्कृष्ट कार्य कर एक नई पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि हम सभी ने मिलकर अपनी प्राचीन जल धरोहरों को संवारने का महत्वपूर्ण कार्य किया है।
मंत्री सिंह ने कहा कि जल गंगा संवर्धन अभियान के साथ-साथ 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के अंतर्गत भी प्रदेशभर में व्यापक स्तर पर पौधरोपण किया गया। वृक्षारोपण पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का आधार है। उन्होंने कहा कि जल गंगा संवर्धन अभियान का यह समापन नहीं, बल्कि एक विराम है। अगले वर्ष यह अभियान और अधिक व्यापक रूप में पुनः प्रारंभ होगा तथा जल स्रोतों के संरक्षण एवं संवर्धन का कार्य निरंतर जारी रहेगा।
उन्होंने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित एवं समृद्ध राष्ट्र बनाने के संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि इसमें युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। देश का नेतृत्व युवा पीढ़ी करेगी, इसलिए ऐसे जनहितकारी अभियानों में उनकी सक्रिय सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने इस जनअभियान के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार एवं अभिनंदन भी व्यक्त किया।
शिक्षा के क्षेत्र में मध्य प्रदेश की उपलब्धियां
स्कूल शिक्षा विभाग की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए मंत्री सिंह ने कहा कि मध्य प्रदेश आज शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी राज्यों में शामिल है। एक जुलाई से नए शैक्षणिक सत्र के साथ सभी विद्यार्थियों को समय पर पाठ्यपुस्तकें उपलब्ध कराई जाएंगी। शासकीय विद्यालयों में विद्यार्थियों को निःशुल्क पुस्तकें, साइकिल, यूनिफॉर्म सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सांदीपनि विद्यालय, मॉडल स्कूल, एक्सीलेंस स्कूल तथा नवोदय विद्यालयों में निजी विद्यालयों की तर्ज पर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जा रही है। साथ ही विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रदेश में 10 हजार स्मार्ट क्लास प्रारंभ करने की तैयारी भी की जा रही है।
'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत किया पौधरोपण
कार्यक्रम के दौरान मंत्री उदय प्रताप सिंह ने 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के अंतर्गत अटल पार्क में आम का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण एवं जल संवर्धन का संदेश दिया। उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने एवं उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति का प्रकृति के प्रति दायित्व है। पौधरोपण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाकर हरित एवं स्वच्छ पर्यावरण के निर्माण का संकल्प लिया।
अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुरस्कृत
मंत्री उदय प्रताप सिंह ने विदिशा जिले में जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वालों को प्रमाण पत्र प्रदाय कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों के अलावा कलेक्टर अंशुल गुप्ता, पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी, जिला पंचायत सीईओ ओपी सनोडिया एसडीएम क्षितिज शर्मा समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी कर्मचारीगण, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक मौजूद रहे
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

