home page

विदिशाः परिवहन विभाग ने 17 वाहनों से वसूला 1.92 लाख रुपये से अधिक का राजस्व

 | 
विदिशाः परिवहन विभाग ने 17 वाहनों से वसूला 1.92 लाख रुपये से अधिक का राजस्व


- नियम विरुद्ध संचालित 18 वाहनों पर चालानी कार्रवाई, एक वाहन जप्त कर थाना ग्यारसपुर में रखा गया

विदिशा, 06 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के विदिशा जिले में शुक्रवार को जिला परिवहन अधिकारी गिरिजेश वर्मा के नेतृत्व में सागर रोड एवं ग्यारसपुर क्षेत्र में वाहनों की सघन चेकिंग की गई। इस कार्रवाई के दौरान कुल 18 वाहन नियमों का उल्लंघन करते हुए संचालित पाए गए। इन सभी वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार चालानी कार्रवाई की गई।

जिला परिवहन अधिकारी वर्मा ने बताया कि कार्रवाई के दौरान 17 वाहनों से शमन शुल्क के रूप में 1 लाख 85 हजार 100 रुपये तथा मोटरयान कर के रूप में 7 हजार 732 रुपये की राशि वसूल की गई। इस प्रकार कुल 1 लाख 92 हजार 832 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। वहीं, शेष एक वाहन को प्रकरण के निराकरण होने तक जप्त किया गया है। उक्त वाहन को सुरक्षार्थ पुलिस थाना ग्यारसपुर में रखा गया है।

त्योहारों के सीजन को देखते हुए परिवहन विभाग द्वारा इस चेकिंग अभियान में यात्री सुविधाओं एवं सुरक्षा को विशेष प्राथमिकता दी गई। यात्री बसों की जांच के दौरान निर्धारित पात्रता से अधिक सवारियां बैठाने तथा बसों में आवश्यक सुरक्षा मानकों के पालन की स्थिति का परीक्षण किया गया। इसका उद्देश्य त्योहारों के दौरान यात्रियों को सुरक्षित एवं सुगम परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना तथा संभावित सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम सुनिश्चित करना है।

जिला परिवहन अधिकारी गिरिजेश वर्मा ने बताया कि जिले में वाहनों की नियमित जांच एवं नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन संचालकों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। परिवहन विभाग द्वारा वाहन चालकों एवं संचालकों से यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित क्षमता के अनुरूप ही यात्रियों का परिवहन करने तथा वाहनों में आवश्यक सुरक्षा मानकों को सुनिश्चित करने की अपील की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर