उमा भारती का बड़ा बयान, कहा- जब तक जीयूंगी, तब तक राजनीति करती रहूंगी
टीकमगढ़, 20 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा की फायरब्रांड नेता उमा भारती ने राजनीति पर फिर बयान दिया है। उन्होंने मंच से साफ शब्दों में कहा कि जब तक जीयूंगी, तब तक राजनीति करती रहूंगी।
उमा भारती शुक्रवार को टीकमगढ़ के गर्ल्स कॉलेज में वीरांगना अवंती बाई लोधी के बलिदान दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को बतौर मुख्य अतिथि संबोधत कर रही थीं। इस गरिमामय कार्यक्रम कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्राएं, स्थानीय नागरिक, जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत वीरांगना अवंती बाई के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। उपस्थित जनसमूह ने उनके साहस, बलिदान और देशभक्ति को नमन किया।
उमा भारती मंच से संबोधित करते हुए भावुक नजर आईं। उन्होंने कहा कि अवंती बाई का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है और उनके आदर्शों को अपनाकर ही समाज और देश को मजबूत बनाया जा सकता है। जब तक मैं जिंदा हूं, राजनीति करूंगी और समाज की सेवा में लगी रहूंगी। बहुत लंबा जीने का मन है। यह मेरा संकल्प है कि वीरांगना अवंती बाई के सपनों को साकार करने के लिए निरंतर प्रयास करती रहूं।
उमा भारती ने अपने स्वास्थ्य का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि उनका स्वास्थ्य पिछले कुछ समय से पूरी तरह ठीक नहीं है, लेकिन इसके बावजूद वे जनता के बीच रहकर काम करना चाहती हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें जनता के आशीर्वाद और समर्थन की आवश्यकता है, जिससे वे आगे भी समाजहित के कार्य करती रहें।
उन्होंने कहा कि आप लोगों में से एक भी व्यक्ति मेरे साथ खड़ा रहेगा तो लगेगा कि मैं अकेली नहीं हूं। आप लोगों का आशीर्वाद रहे, शुभकामनाएं मिलें। उन्होंने कहा कि ज्यादा से ज्यादा यही हो जाएगा कि हम नहीं चल पाएंगे तो आप लोग उठाकर बिठा दिया करना। मैं तो कहती हूं कि तीन चीजें काम करना चाहिए- वाणी, कान और आंख। मुझे सुनाई दे, मैं देख पाऊं और मैं बोल पाऊं। जब तक ये रहेगा, तब तक मैं आप लोगों के लिए पूरी ताकत से संघर्ष करूंगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

