home page

उमा भारती का बड़ा बयान, दो टूक कहा - मैं खुद तय करती हूं कि चुनाव लड़ूं या नहीं?

 | 
उमा भारती का बड़ा बयान, दो टूक कहा - मैं खुद तय करती हूं कि चुनाव लड़ूं या नहीं?


उमा भारती का बड़ा बयान, दो टूक कहा - मैं खुद तय करती हूं कि चुनाव लड़ूं या नहीं?


ग्वालियर, 26 नवंबर (हि.स.)। भाजपा की वरिष्ठ नेता और मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने चुनावी टिकट को लेकर दो टूक बयान दिया है। ग्वालियर में बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि उन्हें टिकट देने की किसी की हैसियत नहीं है। चुनाव लड़ना है या नहीं, इसका निर्णय वह खुद करती हैं।

उमा भारती बुधवार देर शाम वंदे भारत एक्सप्रेस से भोपाल जाने के लिए ग्वालियर रेलवे स्टेशन पहुंची थीं। इस दौरान मीडिया और समर्थकों से बातचीत में उनसे आगामी चुनाव और टिकट को लेकर सवाल किया गया। इसके जवाब में जवाब में उन्होंने कहा कि मैं खुद तय करती हूं कि मुझे चुनाव लड़ना है या नहीं।

वरिष्ठ भाजपा नेता ने यूपी गठबंधन से लेकर सोनिया गांधी की किताब में किए गए दावे, शराबबंदी, दिग्विजय सिंह की सनातन यात्रा और लोकसभा चुनाव तक, हर सवाल का खुलकर जवाब दिया। उमा भारती ने उत्तर प्रदेश के आगामी चुनावों में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच हुए गठबंधन पर भी तीखा प्रहार किया। उन्होंने दावा किया कि यदि उत्तर प्रदेश के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी एक बार फिर जीत दर्ज कर लेती है, तो अगले 20 साल तक राज्य से बाकी सभी राजनीतिक दलों का पूरी तरह सफाया हो जाएगा।

शराबबंदी से जुड़े संवेदनशील मुद्दे पर उन्होंने प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की नीति की खुलकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज चौहान के नेतृत्व वाली सरकार ने शराब को लेकर प्रभावी और अच्छी नीति बनाई थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस नीति के प्रत्येक बिंदु पर उन्होंने स्वयं अपनी पूर्ण सहमति व्यक्त की थी। उन्होंने जनप्रतिनिधियों की भूमिका पर गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि शराबबंदी के मामले में जमीनी स्तर के सरपंच से लेकर विधायक और सांसद तक किसी भी जनप्रतिनिधि ने अपनी जिम्मेदारी को ईमानदारी के साथ पूरा नहीं किया।

उमा भारती ने सुरक्षा व्यवस्था की सीमाओं को स्पष्ट करते हुए कहा कि पुलिस प्रशासन हर स्थान पर चौबीसों घंटे निगरानी नहीं रख सकता। पुलिस का हस्तक्षेप केवल उसी परिस्थिति में होता है, जब कहीं कानून-व्यवस्था के बिगड़ने की आशंका अथवा स्थिति उत्पन्न होती है। उन्होंने जोर देकर कहा कि शराबबंदी की नीति को राज्य में वास्तव में असरदार और सफल बनाने के लिए सतत निगरानी की आवश्यकता है। यह निगरानी तथा जवाबदेही केवल जनप्रतिनिधियों को ही पूरी निष्ठा के साथ निभानी होगी, तभी इस अभियान के सकारात्मक परिणाम सामने आ सकेंगे।

दिग्विजय सिंह की सनातन यात्रा पर उमा भारती ने कहा कि नर्मदा परिक्रमा दादा भाई और भाभी जी ने दिल से की थी, उसमें कोई राजनीति नहीं थी। लेकिन ये यात्रा राजनीतिक है, क्योंकि जो लोग राम मंदिर के शिलान्यास और निर्माण में नहीं गए, अब यात्रा निकाल रहे हैं। इसका राम से कोई संबंध नहीं है।

मोहन सरकार से संतुष्टि के सवाल पर उमा भारती ने कहा कि वे मुख्यमंत्री मोहन यादव से बहुत प्रसन्न और खुश रहती हैं। लेकिन जब तक सभी जनप्रतिनिधि मुख्यमंत्री का साथ नहीं देंगे, तब तक मुख्यमंत्री सफल नहीं हो पाएंगे। जैसा शराबबंदी में हुआ कि नीति तो बन गई, लेकिन जनप्रतिनिधियों ने निगरानी नहीं की।

तबीयत बिगड़ने पर रद्द किया भोपाल जाने का कार्यक्रम

दरअसल, उमा भारती वृंदावन से लौटते समय ग्वालियर में रुकी थीं। बुधवार शाम उन्हें वंदे भारत एक्सप्रेस से भोपाल रवाना होना था। इसके लिए वह निर्धारित समय से करीब एक घंटे पहले रेलवे स्टेशन पहुंच गई थीं। प्लेटफॉर्म पर समर्थकों और कार्यकर्ताओं से बातचीत के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। ट्रेन के आने की सूचना प्रसारित होने से कुछ समय पहले उन्होंने असहजता महसूस की। इसके बाद भोपाल जाने का कार्यक्रम रद्द कर सर्किट हाउस लौट गईं। उनके स्टेशन से निकलने के करीब पांच मिनट बाद ट्रेन प्लेटफॉर्म पर पहुंची।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर