home page

पांढुर्णाः अश्लील वीडियो मामले में कार्रवाई नहीं होने पर उमा भारती ने थाने का घेराव करने की दी सलाह

 | 
पांढुर्णाः अश्लील वीडियो मामले में कार्रवाई नहीं होने पर उमा भारती ने थाने का घेराव करने की दी सलाह


छिंदवाड़ा, 03 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा की फायरब्रांड नेता उमा भारती ने पांढुर्णा के अश्लील वीडियो वायरल मामले में कार्रवाई नहीं होने पर हिंदू संगठनों को थाने का घेराव करने की सलाह दी है।

उमा भारती मंगलवार को उमा भारती भोपाल से नागपुर जाते समय पांढुर्णा में पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में रुकी थीं। इस दौरान हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ताओं ने उनसे मुलाकात कर पुलिस की निष्क्रियता की शिकायत करते हुए बताया कि अश्लील वीडियो वायरल मामले में तीन दिनों से पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। इस पर उमा भारती ने कहा कि यदि पुलिस आपकी बात नहीं सुन रही है, तो थाने का घेराव करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्दीधारी जनता की सुरक्षा के लिए हैं और उन्हें अपराधियों के खिलाफ कदम उठाना ही चाहिए।

हिंदूवादी संगठन के कमलेश राठौर और अन्य सदस्यों ने उमा भारती को बताया कि एक नाबालिग द्वारा वीडियो वायरल किए जाने के मामले में पुलिस केवल मामूली धाराओं में केस दर्ज कर रही है। उनका आरोप है कि पुलिस मुख्य आरोपियों को बचा रही है और बार-बार शिकायत के बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए।

उमा भारती ने कार्यकर्ताओं को सलाह दी कि वे मामले से जुड़े सभी साक्ष्य पुलिस को सौंपें और दबाव बनाएं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता के पास अपनी बात मनवाने के लिए संवैधानिक तरीके मौजूद हैं, जिनमें थाने का घेराव भी शामिल है। उन्होंने स्थानीय संगठनों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो वे उमा भारती के सुझाव पर अमल करते हुए पुलिस प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोलेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर