मप्र के उज्जैन में दिखा दुर्लभ प्राकृतिक नजारा, सूरज के चारों ओर बना इंद्रधनुषी घेरा
उज्जैन, 31 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले बड़नगर में नौतपा के बीच मौसम में आई नरमी के दौरान रविवार को लोगों को आसमान में एक दुर्लभ प्राकृतिक नजारा देखने को मिला। यहां सूरज के चारों ओर इंद्रधनुषी रंगों का एक चमकदार घेरा दिखाई दिया, जिसे वैज्ञानिक भाषा में ‘सन हेलो’ या ‘सूर्य का प्रभामंडल’ कहा जाता है।
दरअसल, उज्जैन जिले में शनिवार की रात तेज हवाओं के साथ कई इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हुई थी, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई। रविवार को बड़नगर का अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो नौतपा के दौरान सामान्य तापमान से कम रहा। इसी बीच आसमान में सूरज के चारों ओर बना चमकदार घेरा लोगों के आकर्षण का केंद्र बन गया।
आसमान में अद्धुत नजारा देख लोगों ने इसे अपने मोबाइल के कैमरों में कैद कर लिया और इस दृश्य की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर कर रहे है। बड़नगर के मोबाइल व्यापारी शुभम देवड़ा ने बताया कि सोशल मीडिया पर इस घटना की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने आसमान की ओर देखा। वहां सूरज के चारों ओर स्पष्ट रूप से चमकदार घेरा दिखाई दे रहा था। उन्होंने कहा कि उन्होंने अपने जीवन में पहली बार ऐसा दृश्य देखा है।
विशेषज्ञों का कहना है कि सन हेलो सूरज के चारों ओर दिखाई देने वाला चमकदार गोल घेरा होता है। कई बार इसमें इंद्रधनुष जैसे रंग भी नजर आते हैं। यह एक प्राकृतिक और वैज्ञानिक घटना है। विशेषज्ञों ने सलाह दी है कि सन हेलो का अवलोकन करते समय सीधे सूर्य की ओर लगातार नहीं देखना चाहिए, क्योंकि सूर्य की तीव्र रोशनी आंखों को नुकसान पहुंचा सकती है। इसे कैमरे, सनग्लासेस या अन्य सुरक्षित माध्यमों से देखना अधिक उपयुक्त माना जाता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

