उज्जैनः गणेश पंडाल में लगी भीषण आग, 11 फीट की प्रतिमा हुई खंडित
उज्जैन, 23 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन के नीलगंगा थाना क्षेत्र की संत राम सिंधी कॉलोनी में बुधवार शाम को श्री सम्राट नवयुवक मित्र मंडल के गणेश पंडाल में आग लग गई। आग तेजी से फैली और पंडाल का ज्यादातर हिस्सा जल गया। पंडाल के अंदर रखी करीब 11 फीट ऊंची गणेश प्रतिमा भी खंडित हो गई।
सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने आसपास के लोगों की मदद से आग पर काबू पा लिया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार, संत राम सिंधी कॉलोनी में गणेश पंडाल माता वैष्णो देवी की थीम पर सजाया गया था। इसमें गजानन गणपति के साथ उनकी बहन अशोक सुंदरी की प्रतिमा भी स्थापित की गई थी। बुधवार शाम पंडाल से धुआं उठता देख आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने तुरंत पुलिस और दमकल को सूचना दी। आग लगने से पंडाल का सजावटी सामान और दूसरी चीजें जल गईं। गणेश प्रतिमा को भी नुकसान पहुंचा है। मौके पर पहुंचे बिजली कर्मचारियों ने आग से जली हुई बिजली लाइन और उपकरणों को ठीक करना शुरू किया। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है।
नीलगंगा थाना प्रभारी तरुण कुरील ने बताया कि गणेश पंडाल में आग लगने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। दो दमकल गाड़ियों की मदद से तुरंत आग पर काबू पा लिया गया। किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है। आग किस वजह से लगी, इसका पता पंडाल का पूरा निरीक्षण करने के बाद ही चल पाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

