उज्जैनः रामघाट पर शिप्रा नदी में डूबती हुई महिला को होमगार्ड सैनिक ने बचाया
उज्जैन, 18 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन में श्रावण मास में भारी संख्या में लोग शिप्रा नदी के रामघाट पर स्नान कर रहे हैं। मंगलवार को रामघाट पर शिप्रा नदी में डूबती एक महिला को होमगार्ड सैनिक ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
जिला प्रशासन के अनुसार, रामघाट पर मंगलवार सुबह श्रद्धालु मुस्कान (19) पुत्री रतनलालजी तहसील खिलचीपुर जिला राजगढ़ की रहने वाली जो चौकी के सामने नहाते समय पानी की गहराई में चले जाने से डूबने लगी। मौके पर वहां तैनात होमगार्ड सैनिक राजेंद्र डाबी ने महिला को डूबते हुए देखा तो तत्काल नदी में छलांग लगा दी और पानी में डूब रही महिला को सकुशल सुरक्षित नदी से बाहर निकाल लिया। परिवारजनों और मौके पर मौजूद लोगों ने होमगार्ड सैनिक के इस बहादुरी पूर्ण कार्य की सराहना की।
होमगार्ड एवं एसडीआरएफ के डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट संतोष कुमार जाट ने बताया कि नाग पंचमी एवं श्रावण मास में श्रद्धालुओं की अधिक संख्या को देखते हुए रामघाट समेत सभी प्रमुख घाटों पर आपदा बचाव उपकरणों के साथ 130 से अधिक होमगार्ड एवं एसडीआरएफ के तैराकों एवं गोताखोरों को तैनात किया गया है। रात्रि में भी श्रद्धालु बड़ी संख्या में स्नान कर रहे हैं। इसलिए सुरक्षा के सभी चाकचौबंद बंदोबस्त किए गए हैं। होमगार्ड सैनिक ने बहादुरी और तत्परता दिखाते हुए डूब रही महिला को बचाया है, इसलिए उसे पुरस्कृत किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

