home page

मप्र: उज्जैन के ताजपुर में गणेश प्रतिमा की आंखों से आंसू निकलने का दावा, दर्शन के लिए उमड़ी भीड़

 | 
मप्र: उज्जैन के ताजपुर में गणेश प्रतिमा की आंखों से आंसू निकलने का दावा, दर्शन के लिए उमड़ी भीड़


उज्जैन, 12 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले में ताजपुर तहसील के ग्राम चोपड़ा स्थित प्राचीन माता जी की मंदिर में गणेश प्रतिमा की आंखों से आंसू आने का दावा किया गया है। शनिवार सुबह यह खबर फैली तो बड़ी संख्या में ग्रामीण और आसपास के लोग गणेश जी के दर्शन के लिए पहुंचने लगे।

गणेश जी की आंखों में आंसू आने की बात सुनते ही गांव में श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ गई। सुबह से गणेश जी के दर्शन के लिए मंदिर में लम्बी कतार लगी हुई है। आसपास के लोग भी मंदिर पहुंच रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि प्रतिमा की आंखों से आंसू बहते दिखाई दे रहे हैं और यह स्थिति करीब आठ घंटे से बनी हुई है। श्रद्धालुओं की ओर से मौके पर महाआरती भी की जा रही है।

गांव निवासी ईश्वर सिंह पाटीदार ने बताया कि शनिवार सुबह करीब 6:30 बजे गांव में नगर पूजा हुई थी। तब लोगों को गणेश जी की प्रतिमा की आंखों से आंसू निकलते देखा। इसकी जानकारी मिलने के बाद आसपास के क्षेत्रों से भी लोग दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। हालांकि, दोपहर बाद पानी की बूंद नहीं आई।

पाटीदार के अनुसार, शनिवार सुबह नगर पूजा में पंचायत की ओर से गणेश जी को चोला नहीं चढ़ाया गया। इसी वजह से भगवान गणेश नाराज हैं और उनकी आंखों से आंसू आ रहे हैं। इस दावे के बाद श्रद्धालु प्रतिमा के दर्शन करने पहुंच रहे हैं। मौके पर महाआरती भी की गई।

मंदिर के पुजारी राहुल वैष्णव ने बताया कि ग्रामीणों ने मंदिर को करीब 700 से 800 वर्ष पुराना बताया है। घटना की जानकारी मिलते ही दूर-दराज से भी श्रद्धालु दर्शन के लिए यहां पहुंचने लगे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर