उज्जैनः महाकाल मंदिर के पास टनल निर्माण के दौरान खुदाई में निकला शिवलिंग, पुजारियों ने किया पूजन
उज्जैन, 01 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन में विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग भगवान महाकालेश्वर मंदिर परिसर के पास शुक्रवार सुबह टनल निर्माण के लिए खुदाई के दौरान एक प्राचीन शिवलिंग मिलने से क्षेत्र में आस्था और उत्सुकता का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही मंदिर के पुजारी मौके पर पहुंचे और उन्होंने विधि-विधान से शिवलिंग का पूजन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए जमा हो गए।
जानकारी के अनुसार, उज्जैन में महाकालेश्वर मंदिर के सामने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए गेट नंबर-4 के पास टनल और वेटिंग हॉल का निर्माण कार्य चल रहा है। शुक्रवार सुबह यहां खुदाई के दौरान पोकलेन मशीन ऑपरेटर को मिट्टी के साथ एक शिवलिंग दिखाई दिया। इसके बाद तुरंत साइट इंजीनियर और मंदिर प्रशासन को सूचना दी गई। घटना के बाद ऐहतियातन खुदाई का काम रोक दिया गया।
मंदिर के पुजारियों ने मौके पर पहुंचकर शिवलिंग का पूजन-अर्चन किया और फिलहाल उसे उसी स्थान पर सुरक्षित रखवाया गया है। खबर फैलते ही श्रद्धालुओं की भीड़ मौके पर जुटने लगी और दर्शन का सिलसिला शुरू हो गया।
साइट इंजीनियर सतीश राजपूत ने बताया कि खुदाई के दौरान शिवलिंग के साथ अन्य प्राचीन अवशेष मिलने के संकेत भी हैं। उन्होंने बताया कि नंदी की प्रतिमा जैसे अवशेष भी हो सकते हैं, जिसकी जांच की जा रही है। गौरतलब है कि मई 2020 में भी महाकाल मंदिर विस्तार कार्य के दौरान खुदाई में एक प्राचीन मंदिर के अवशेष मिले थे। उस समय 25-30 फीट नीचे खुदाई में शिवलिंग, नंदी, गणेश, मां चामुंडा और अन्य मूर्तियां मिली थीं। पुरातत्व विशेषज्ञों ने इन्हें करीब एक हजार वर्ष पुराना, परमारकालीन बताया था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

