जबलपुर के मझौली में हर साल लगेगा आदिवासी मेला, 15 लाख देगी सरकार: मंत्री डॉ. शाह
- मंत्री शाह ने जबलपुर के मझौली में किया सामुदायिक भवन का लोकार्पण
जबलपुर, 07 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जनजातीय कार्य मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह ने रविवार को जबलपुर के मझौली स्थित बड़ादेव देवालय और आदिवासी समाज के लिए 40.96 लाख की लागत से निर्मित सामुदायिक भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने घोषणा करते हुए कहा कि अब बड़ादेव देवालय परिसर में प्रतिवर्ष आदिवासी मेले का आयोजन होगा, जिसके लिए जनजातीय कार्य विभाग हर साल 15 लाख रुपये की सहायता देगा। शेष व्यवस्थाएं स्थानीय विधायक और समाजजन मिलकर करेंगे।
मंत्री डॉ. शाह ने इस अवसर पर कहा कि सामुदायिक भवन बनाने में विधायक अजय विश्नोई का सबसे बड़ा योगदान है। उन्होंने मंच से बड़ादेव देवालय के अधूरे कार्य को पूरा करने के लिए 25 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में सभी आदिवासी देवालयो के जीर्णोद्धार के लिए 4 करोड़ की राशि स्वीकृति की है। इस दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की।
मंत्री डॉ. शाह ने कहा कि सरकार जनजातीय समाज के छात्र-छात्राओं की शिक्षा, प्रशिक्षण और रोजगार के लिए लगातार योजनाएं बनाई है। आदिवासी समाज में वकील और जज बनने के लिए भी क्लेट परीक्षा की तैयारी भी की जाएगी। इसके अलावा यूपीएससी पीएससी जैसी प्रतियोगी परीक्षाओ की तैयारी सरकार द्वारा करवाई जाएगी। साथ ही जो आदिवासी बच्चे डॉक्टर, या आईआईटी, ट्रिपलआईटी की तैयारी करना चाहते है उनके लिए जबलपुर, इंदौर, भोपाल में निशुल्क तैयारी सरकार द्वारा करवाई जाएगी।
उन्होंने कहा कि जो आदिवासी भाई-बहन व्यापार करना चाहते हैं उनके लिए सरकार द्वारा 2 से 5 लाख रूपये तक का ऋण उपलब्ध कराया जायेगा। साथ ही उन्हें व्यापार का प्रशिक्षण भी दिया जायेगा। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के 11 युवाओं का अग्निवीर में चयन होने पर सम्मान किया गया। साथ ही उन्होंने अपनी ओर से सभी चयनित युवाओं को 5-5 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की। मंत्री शाह ने कहा कि आदिवासी युवाओं को अग्निवीर भर्ती की तैयारी कराने के लिए विशेष प्रशिक्षण योजना बनाई जाएगी। यदि सेना की ओर से प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाता है तो प्रशिक्षण अवधि के दौरान युवाओं के भोजन और अन्य आवश्यक खर्च जनजातीय कार्य विभाग द्वारा वहन किए जाएंगे।
उन्होंने घोषणा की कि स्वतंत्रता संग्राम में बलिदान देने वाले वीर शंकर शाह और रघुनाथ शाह की गाथाओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए उनके जीवन और योगदान को पाठ्यपुस्तकों में शामिल किया जाएगा। साथ ही उनके नाम पर जबलपुर में प्रतिवर्ष एक भव्य जनजातीय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसके लिए 5 करोड़ रुपये की राशि उपलब्ध कराई जाएगी। इस आयोजन में जनजातीय समाज के अन्य स्वतंत्रता सेनानियों और वीर शहीदों को भी याद किया जाएगा।
मंत्री डॉ. शाह ने कहा कि जनजातीय संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण के लिए जबलपुर में भी एक सांस्कृतिक संरक्षण केंद्र स्थापित किया जाएगा। लगभग 20 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले इस केंद्र में आदिवासी युवक-युवतियों तथा महिलाओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा और पारंपरिक संस्कृति, कला एवं लोक परंपराओं को संरक्षित करने का कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार जनजातीय समाज के सांस्कृतिक और सामाजिक विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए विधायक अजय विश्नोई ने कहा कि लगभग तीन साल पहले मंत्री शाह यहाँ आए थे। उस समय यह भवन और मंदिर निर्माणाधीन थे। उन्होंने भवन निर्माण के आग्रह को स्वीकारा और भवन निर्माण के लिए आर्थिक सहयोग प्रदान किया, उन्हीं के सहयोग से यह भवन बनकर तैयार हुआ है।
इस दौरान उन्होंने भवन के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि गोंड समाज भारत के सबसे प्राचीन आदिवासी समाजों में से एक है। इस समाज की सबसे बड़ी विशेषता भाईचारे की भावना है। इस समाज ने अपनी परंपराओं और सामाजिक व्यवस्थाओं को सदैव जीवित रखा है। आज भी समाज अपने रीति-रिवाजों और सामाजिक नियमों का पालन कर रहा है। कार्यक्रम के दौरान बड़ादेव समिति के अध्यक्ष प्रकाश सिंह सैयाम सहित बड़ी तादात में स्थानीय नागरिक व संबंधित अधिकारी मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

