home page

उद्योगों की मांग के अनुरूप युवाओं को प्रशिक्षित कराएँ: कलेक्टर

 | 
उद्योगों की मांग के अनुरूप युवाओं को प्रशिक्षित कराएँ: कलेक्टर


ग्वालियर, 23 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश की ग्वालियर कलेक्टर रुचिका चौहान ने सोमवार को हुई जिला कौशल विकास समिति की मासिक बैठक में औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (आईटीआई) के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले की स्थानीय जरूरतों, औद्योगिक इकाइयों की मांग और रोजगार के उपलब्ध अवसरों को ध्यान में रखकर प्रशिक्षण कार्यक्रमों का आयोजन कराएं, जिससे जिले के युवाओं को आसानी से रोजगार मिल सके।

कलेक्टर ने बैठक में मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना और प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना (पीएमकेवीवाई 4.0) की प्रगति की समीक्षा भी की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन योजनाओं के माध्यम से अधिक से अधिक पात्र युवाओं को लाभान्वित कराया जाए। उन्होंने शासकीय संभागीय आईटीआई बिरला नगर में प्रशिक्षण की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने पर भी बल दिया।

कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई इस बैठक में जिले में कौशल विकास और रोजगार से जुड़े प्रशिक्षण कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से लागू करने तथा संस्थानों की व्यवस्थाओं को मजबूत बनाने पर विस्तार से चर्चा हुई। साथ ही जिला कौशल विकास योजना तैयार करने के लिये कहा गया। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले की शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थाओं (आईटीआई) में प्रबंधन समितियों (आईएमसी) के पुनर्गठन की कार्यवाही भी शासन के दिशा-निर्देशों के तहत की जाए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर