home page

विक्रम संवत नववर्ष का प्रथम दिन सृष्टि की रचना का दिवस: प्रतिमा बागरी

 | 
विक्रम संवत नववर्ष का प्रथम दिन सृष्टि की रचना का दिवस: प्रतिमा बागरी


- सतना जिले में सूर्य उपासना के कार्यक्रम व्यंकटेश लोक में संपन्न

सतना, 19 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश की नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी ने कहा कि हिन्दू सनातन धर्म में चैत्र प्रतिपदा, गुडी पडवा से नववर्ष की शुरूआत होती है। इस समय किसानों के खेत से फसल के रूप में अन्न घरों में आता है। मां दुर्गा की उपासना का पर्व नवरात्रि के साथ ही यह दिवस सृष्टि की रचना का प्रारंभिक दिवस है।

मंत्री प्रतिमा बागरी गुरुवार को सतना के व्यंकटेश मंदिर परिसर (व्यंकटेश लोक) में आयोजित सूर्य उपासना कार्यक्रम को संबोधित कर रही थी। मप्र शासन के निर्देशानुसार विक्रम संवत् 2083 का शुभारंभ ईसवी कैलेण्डर के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में नाट्य प्रस्तुति सम्राट विक्रमादित्य का मंचन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी ने भगवान गणेश और भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण कर समक्ष में दीप प्रज्जवलन कर किया। इस मौके पर उन्होंने ब्रम्ह ध्वज की पूजा-अर्चना भी की। इस अवसर पर कलाकारों द्वारा सम्राट विक्रमादित्य और विक्रम संवत की नववर्ष शुरुआत के संबंध में नाट्य मंचन कर जानकारी दी गई। इस अवसर पर महाराजा विक्रमादित्य शोधपीठ द्वारा प्रकाशित पुस्तिका भारत का नव वर्ष विक्रम संवत का वितरण भी किया गया। कार्यक्रम में महापौर योगेश ताम्रकार, जिला पंचायत अध्यक्ष रामखेलावन कोल, उपाध्यक्ष सुष्मिता सिंह, स्पीकर नगर निगम राजेश चतुर्वेदी, जिलाध्यक्ष भगवती प्रसाद पाण्डेय, जिला पंचायत सदस्य ज्ञानेंद्र सिंह ज्ञानू, सावित्री त्रिपाठी, एकता सिंह, सीईओ जिला पंचायत शैलेंद्र सिंह, डीईओ गिरीश अग्निहोत्री सहित अन्य अधिकारी तथा बड़ी संख्या में गणमान्य जन उपस्थित रहे।

राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी ने कहा कि हमारे बुजुर्ग जन आज भी चैत्र नवरात्रि से नये वर्ष का प्रथम दिवस मानते हैं। वैवाहिक कार्यक्रमों, तीज त्यौहार, वैदिक कर्मों में यही संवत का कैलेण्डर पंचांग की तिथियों में उपयोग किया जाता है। राज्यमंत्री ने नववर्ष, विक्रमोत्सव, गुडी पडवा, चैत्री चांद और नवरात्रि की शुभकामनायें देते हुए कहा कि सभी त्यौहार मिल जुलकर हर्ष और उल्लास के साथ मनाये। कार्यक्रम को नगर निगम सतना के महापौर योगेश ताम्रकार, जिला पंचायत अध्यक्ष रामखेलावन कोल और जिलाध्यक्ष भगवती प्रसाद पाण्डेय ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर रंग प्रवर्तन सांस्कृतिक समिति रैगवां सतना के कलाकारों द्वारा प्रभाकर द्विवेदी के निर्देषन में सम्राट विक्रमादित्य पर केन्द्रित नाटय मंचन की प्रस्तुति दी गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर