home page

टी-20 विश्वकप में भारत की जीत के जश्न के दौरान मप्र के तीन शहरों में झड़प, 12 घायल

 | 
टी-20 विश्वकप में भारत की जीत के जश्न के दौरान मप्र के तीन शहरों में झड़प, 12 घायल


टी-20 विश्वकप में भारत की जीत के जश्न के दौरान मप्र के तीन शहरों में झड़प, 12 घायल


टी-20 विश्वकप में भारत की जीत के जश्न के दौरान मप्र के तीन शहरों में झड़प, 12 घायल


- उज्जैन में दो समुदायों में चले चाकू और लाठी-डंडे, देवास में पुलिस पर फेंके पटाखे, शाजापुर में मस्जिद के पास बम फोड़ा

भोपाल, 09 मार्च (हि.स.)। भारतीय क्रिकेट टीम के टी-20 विश्व कप का खिताब जीतने के बाद रविवार देर रात मध्य प्रदेश में जमकर जश्न मना। इस दौरान तीन शहरों में बवाल हो गया। देवास, उज्जैन और शाजापुर में जश्न के दौरान हुई झड़प में सुरक्षाबल के दो जवान समेत 12 लोग घायल हो गए। पुलिस तीनों मामलों की जांच में जुटी है।

पहली घटना उज्जैन के चिमनगंज थाना इलाके की है, जहां भारतीय टीम की जीत का जश्न मनाने के दौरान दो समुदाय आपस में भिड़ गए। पुलिस के मुताबिक, जीरो पॉइंट ब्रिज के पास राज रॉयल कॉलोनी में रहने वाले मनीष मेहेरेल और रविंद्र हाड़ा अपने परिवार और दोस्तों के साथ विश्वकप जीतने का जश्न मना रहे थे। मुस्लिम समुदाय के लोगों ने उन्हें पटाखे फोड़ने से मना कर दिया। वाहिद खान के परिवार ने उनसे पटाखे कहीं और जाकर फोड़ने को कहा। इसी बात पर दोनों पक्षों में पहले बहस, फिर मारपीट हो गई, जिसमें दोनों पक्षों के 10 लोग घायल हो गए। इनमें एक पक्ष के रविंद्र हाड़ा, दृष्टि हाड़ा, मनीष मेहरले, अनिता मेहरले, विमला मालवीय, लैला सिंह हाड़ा, मानवेन्द्र सिंह हाड़ा और विशाल मालवीय घायल हुए हैं। दृष्टि हाड़ा के हाथ में चाकू लगने से गंभीर चोट आई है। वहीं, दूसरे पक्ष के शादाब खान, वाहिद खान और एक महिला भी जख्मी हुए हैं। सोमवार को मारपीट का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

राजरायल कालोनी में विवाद की जानकारी लगने पर हिंदूवादी संगठन के रितेश माहेश्वरी व अन्य लोग भी मौके पर पहुंचे थे। लोगों ने बताया कि कालोनी में असामाजिक तत्वों ने माता प्रतिमा बैठाने को लेकर भी कुछ माह पूर्व आपत्ति जताई थी। पुलिस ने संजय नामदेव की शिकायत पर वाहिद खान, जाकिर, सुल्तान, शादाब व अन्य साथियों के खिलाफ धारा 331, 296, 115, 351 व 3 बीएनएस के तहत केस दर्ज किया है। जबकि दूसरे पक्ष की ओर से वाहिद खान की शिकायत पर रविंद्र, पंकज व अन्य लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।

दूसरी घटना देवास की है, जहां भारतीय टीम की जीत के जश्न के दौरान सयाजीद्वार पर लोग रंग-गुलाल उड़ाते हुए तिरंगा लहरा रहे थे और आतिशबाजी कर रहे थे। इसी दौरान कुछ युवकों ने जलते पटाखे भीड़ पर फेंकना शुरू कर दिए, जिससे अफरा-तफरी मच गई। पटाखों से निकली चिंगारी से उज्जैन से आए सुरक्षा बल के दो जवान आशीष यादव और सुरेंद्र श्रीवास हो गए। सुरेंद्र को मुंह और सिर पर चोट लगी। दोनों को जिला अस्पताल में इलाज के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया। इसी दौरान सीएसपी सुमित अग्रवाल के कान के पास एक बम फटा, जिसके चलते एमजी अस्पताल में उनका चेकअप कराया गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठी चार्ज करना पड़ा। पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लिया गया है और सीसीटीवी कैमरों से बाकी उपद्रवियों की पहचान की जा रही है।

शाजापुर में मस्जिद के पास बम फेंकने से तनाव

तीसरी घटना शाजापुर की है। यहां किला रोड स्थित पीपलपत्ता मस्जिद के पास भारत की जीत पर आतिशबाजी के दौरान कुछ युवकों ने सुतली बम फेंक दिया। बम फटने से मस्जिद की दीवार पर नाली का कीचड़ लग गया। इसकी खबर फैलते ही एक समुदाय के लोग मौके पर जमा हो गए। पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। इसमें कुछ युवक बाइक पर सवार होकर जश्न मनाते हुए दिख रहे हैं। इनमें से एक युवक बम फेंकता दिख रहा है। मस्जिद कमेटी के पदाधिकारियों ने कोतवाली थाना प्रभारी टीआई संतोष वाघेला को शिकायत पत्र सौंपा है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें पकड़ने की बात कही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर