सफलता की नई ऊंचाइयों को छूने के लिए पूरी लगन और मेहनत से पढ़ाई करें विद्यार्थी: मंत्री पंवार
- प्रभारी मंत्री ने सांची में 40 करोड़ रुपये लागत से निर्मित शास.सांदीपनि विद्यालय का किया लोकार्पण
रायसेन, 27 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा रायसेन जिले के प्रभारी मंत्री नारायण सिंह पंवार ने कहा कि विद्यार्थी पूरी लगन और मेहनत से सीखे, पढ़े और अपने भविष्य को गढ़े। शिक्षक भी विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करते हुए उनके सपनों को नया आकार दें, ताकि विद्यार्थी बेहतर भविष्य की ओर अग्रसर हो सकें।
मंत्री पवार सोमवार को रायसेन जिले के सांची में नवनिर्मित शासकीय सांदीपनि उ.मा. विद्यालय भवन के लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर विधायक डॉ प्रभुराम चौधरी तथा जिला पंचायत अध्यक्ष यशवंत मीणा, नगर परिषद अध्यक्ष पप्पू रेवाराम अहिरवार, कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा, पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता, जिला पंचायत सीईओ कमल सोलंकी, राकेश शर्मा सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति भी दी गई।
विद्यालय प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री पंवार ने कहा कि सांची में 40 करोड़ रुपये से अधिक लागत से निर्मित सांदीपनि विद्यालय भवन का लोकार्पण किया गया है, जिसमें सभी कक्षाएं आधुनिक सुविधाओं से युक्त हैं। यह केवल भवन नहीं है, मॉ सरस्वती का मंदिर है। यह मनुष्य के जीवन का निर्माण करने का पवित्र संस्थान है। यहां देश के भावी नागरिक तैयार होंगे।
उन्होंने कहा कि महाकाल की नगरी उज्जैन में भगवान श्रीकृष्ण ने सांदीपनि आश्रम में शिक्षा ग्रहण की थी। उसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव द्वारा सभी जिलों में सांदीपनि विद्यालय खोले जा रहे हैं, जहां विद्यार्थी विद्या अर्जन कर अपने जीवन को सार्थक बना सकें और सफलता की नई ऊंचाइयों को छू सकें।
उन्होंने कहा कि विद्यालयों में बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ संस्कार मिलना भी जरूरी है। बच्चों को बचपन से ही सही-गलत का ज्ञान देना माता-पिता और शिक्षकों का दायित्व है। उन्होंने सांदीपनि विद्यालय की खूबियों का उल्लेख करते हुए कहा कि यहां निजी स्कूलों से बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। सांदीपनि विद्यालयों में शिक्षा के साथ-साथ कौशल उन्नयन और खेलकूद की विश्व स्तरीय व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं जिनसे विद्यार्थी अपनी प्रतिभा निखारकर प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगे।
विधायक डॉ प्रभुराम चौधरी ने उपस्थित बच्चों तथा नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि आज सांची को एक ओर महत्वपूर्ण सौगात मिली है। चालीस करोड़ रू से अधिक राशि से बनकर तैयार इस भवन का लोकार्पण हुआ है। यहां सांची ही नहीं, आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चे भी शिक्षा प्राप्त कर रहे है। दूरदराज से बच्चों को विद्यालय आने में परेशानी ना हो, इसके लिए उनके गांव तक बस की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
डॉ चौधरी ने कहा कि आज प्रदेश में सरकारी स्कूलों में, बड़े-बड़े निजी स्कूलों से बेहतर सुविधाएं और शिक्षा मिल रही है। इसी का परिणाम है कि अब माता-पिता बच्चों को निजी स्कूलों के बजाए सरकारी स्कूलों में प्रवेश करा रही है। सरकारी स्कूलों में बच्चों की संख्या बढ़ने के साथ-साथ परीक्षा परिणाम में भी वृद्धि हो रही है। सांदीपनि विद्यालयों में उत्कृष्ट शिक्षकों द्वारा अध्यापन कार्य कराया जा रहा है। सांची सांदीपनि विद्यालय का गत वर्ष का बोर्ड परीक्षा परिणाम सौ फीसदी रहा है, इसके लिए विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक और बच्चे बधाई के पात्र हैं।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष यशवंत मीणा, नगर परिषद अध्यक्ष पप्पू रेवाराम अहिरवार तथा राकेश शर्मा ने भी संबोधित किया। जिला शिक्षा अधिकारी डीडी रजक तथा सांची सांदीपनि विद्यालय के प्राचार्य अनिल दीक्षित द्वारा सांदीपनि विद्यालय भवन में उपलब्ध सुविधाओं और विशेषताओं के बारे में बताया गया। अतिथियों ने सांदीपनि विद्यालय भवन का भ्रमण किया। उन्होंने विद्यालय की विभिन्न कक्षाओं में जाकर व्यवस्थाओं को देखा तथा प्राचार्य से जानकारी ली। इस दौरान प्रभारी मंत्री पंवार ने छात्र-छात्राओं से भी संवाद किया। उन्होंने बच्चों से शैक्षणिक जानकारी, विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं आदि के बारे में जानकारी ली।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

