home page

मप्रः ई-प्रवेश में विद्यार्थियों का बढ़ा उत्साह, आंकड़ा पहुंचा 1.10 लाख के पार

 | 
मप्रः ई-प्रवेश में विद्यार्थियों का बढ़ा उत्साह, आंकड़ा पहुंचा 1.10 लाख के पार


भोपाल, 11 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश में उच्च शिक्षा विभाग के ई-प्रवेश पोर्टल पर शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए विद्यार्थियों का उत्साह लगातार बढ़ता जा रहा है। बीते कुछ दिनों में पंजीयन की गति में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। सोमवार 11 मई 2026 तक कुल पंजीयन का आंकड़ा 1,10,079 तक पहुंच गया है।

बता दें कि स्नातक पाठ्यक्रमों में 71,716, स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में 15,273 तथा एनसीटीई पाठ्यक्रमों में 23,090 पंजीयन प्राप्त हुए हैं। विद्यार्थियों द्वारा चॉइस फिलिंग में भी तेजी देखी जा रही है, जहां अब तक 75,017 विद्यार्थियों ने अपनी पसंद के महाविद्यालय एवं पाठ्यक्रम चयनित किए हैं। वहीं 56,240 आवेदनों का सत्यापन पूर्ण हो चुका है।

उच्च शिक्षा विभाग द्वारा प्रदेश के सभी शासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालयों में विद्यार्थियों की सहायता के लिए हेल्प डेस्क, मार्गदर्शन एवं दस्तावेज सत्यापन की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। विभागीय अधिकारियों द्वारा लगातार मॉनिटरिंग एवं प्रचार-प्रसार गतिविधियां संचालित की जा रही हैं, जिससे विद्यार्थियों में ई-प्रवेश प्रक्रिया के प्रति सकारात्मक वातावरण बना है।

उच्च शिक्षा विभाग ने विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से अपील की है कि प्रथम चरण के पंजीयन की अंतिम तिथि 15 मई 2026 से पूर्व अपनी प्रवेश संबंधी समस्त प्रक्रिया पूर्ण कर लें। स्नातक एवं स्नातकोत्तर प्रथम चरण की आवंटन सूची क्रमश: 20 एवं 21 मई 2026 को जारी की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर