विद्यार्थियों का सर्वांगीण हित हमारी प्राथमिकता : मंत्री परमार
- नौगांव इंजीनियरिंग महाविद्यालय की शासी निकाय (बीओजी) बैठक में शैक्षणिक सुविधाओं के विस्तार पर महत्वपूर्ण निर्णय
भोपाल, 09 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार की अध्यक्षता में बुधवार को मंत्रालय स्थित सभाकक्ष में नौगांव इंजीनियरिंग महाविद्यालय, जिला छतरपुर की शासी निकाय (BoG) की पंचम बैठक संपन्न हुई। बैठक में महाविद्यालय के शैक्षणिक विकास, विद्यार्थियों के लिए आधुनिक सुविधाओं के विस्तार एवं संस्थान की गुणवत्ता सुदृढ़ करने से संबंधित विभिन्न बिन्दुओं पर चर्चा कर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
मंत्री परमार ने कहा कि विद्यार्थियों का सर्वांगीण हित हमारी प्राथमिकता है। तकनीकी शिक्षा को गुणवत्तापूर्ण, आधुनिक एवं रोजगारपरक बनाने के लिए संस्थानों में आवश्यक शैक्षणिक संसाधनों और सुविधाओं का निरंतर विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने बैठक में लिए गए निर्णयों पर समयबद्ध कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में महाविद्यालय की नवीन शाखाओं के लिए पुस्तकों एवं ई-बुक्स के क्रय, इंजीनियरिंग केमिस्ट्री एवं फिजिक्स लैब की स्थापना सहित विभिन्न प्रस्तावों पर चर्चा कर आवश्यक अनुमोदन प्रदान किया गया।
बैठक में आयुक्त तकनीकी शिक्षा अवधेश शर्मा, राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, भोपाल के कुलगुरु प्रो. आलोक शर्मा, तकनीकी शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. एम. एल. वर्मा सहित शासी निकाय के सदस्य उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

