home page

मप्र नर्सिंग रजिस्ट्रेशन काउंसिल की ऑनलाइन पहल से विद्यार्थियों को मिलेंगी सुगम एवं पारदर्शी सेवाएं

 | 
मप्र नर्सिंग रजिस्ट्रेशन काउंसिल की ऑनलाइन पहल से विद्यार्थियों को मिलेंगी सुगम एवं पारदर्शी सेवाएं


- ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन एवं ऑटो-ऑपरेशन व्यवस्था से घर बैठे उपलब्ध होंगी डिजिटल मार्कशीट और सर्टिफिकेट

भोपाल, 01 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश नर्सिंग रजिस्ट्रेशन काउंसिल द्वारा नर्सिंग विद्यार्थियों की सुविधा, पारदर्शिता और समय की बचत सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन एवं ऑटो-ऑपरेशन व्यवस्था लागू की गई है। इस डिजिटल पहल से विद्यार्थियों को विभिन्न पंजीयन संबंधी कार्यों, मार्कशीट एवं सर्टिफिकेट प्राप्त करने के लिए बार-बार काउंसिल कार्यालय आने की आवश्यकता नहीं होगी।

काउंसिल की चेयरपर्सन डॉ. बीनू कुशवाह ने गुरुवार को जानकारी देते हुए बताया कि ऑनलाइन व्यवस्था का उद्देश्य विद्यार्थियों को सरल, सुगम और पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराना है। डिजिटल प्रक्रिया के माध्यम से विद्यार्थियों के कार्यों को अधिक सुविधाजनक बनाया जा रहा है, जिससे उन्हें अनावश्यक कार्यालयीन प्रक्रियाओं से राहत मिलेगी और उनके समय एवं संसाधनों की बचत होगी। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे पंजीयन एवं अन्य कार्यों के लिए काउंसिल की आधिकारिक ऑनलाइन व्यवस्था का ही उपयोग करें।

उन्होंने बताया कि काउंसिल द्वारा विद्यार्थियों के हितों की रक्षा और सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने के लिए डिजिटल प्रक्रियाओं को प्रोत्साहित किया जा रहा है। विद्यार्थियों से किसी भी प्रकार की अवैध वसूली या अनधिकृत गतिविधि की जानकारी मिलने पर संबंधित मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। मध्य प्रदेश नर्सिंग रजिस्ट्रेशन काउंसिल विद्यार्थियों को पारदर्शी, सुगम एवं सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध कराने तथा नर्सिंग शिक्षा एवं पंजीयन व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर