home page

मप्र: भोपाल-ग्वालियर में दो दिन आंधी-बारिश का अलर्ट, 30 से ज्यादा जिलों में बरसेंगे बादल

 | 
मप्र: भोपाल-ग्वालियर में दो दिन आंधी-बारिश का अलर्ट, 30 से ज्यादा जिलों में बरसेंगे बादल


60 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं, 18 जून तक प्रदेश में मानसून की दस्तक के आसार

भोपाल, 15 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियां लगातार जोर पकड़ रही हैं। प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने भोपाल और ग्वालियर संभाग में अगले दो दिनों तक बारिश और तेज आंधी का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं आगर-मालवा, राजगढ़ और सीहोर जिलों में सोमवार को तेज आंधी को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार प्रदेश के ऊपर सक्रिय ट्रफ लाइन और प्री-मानसूनी सिस्टम के प्रभाव से अगले चार दिनों तक प्रदेश में कहीं बारिश तो कहीं तेज आंधी का दौर बना रहेगा। दक्षिण-पश्चिम मानसून अपनी सामान्य गति से थोड़ा पीछे चल रहा है, लेकिन आगामी तीन से चार दिनों में इसकी रफ्तार बढ़ सकती है। यदि मौजूदा परिस्थितियां अनुकूल रहीं तो 18 जून तक मानसून मध्य प्रदेश में प्रवेश कर जाएगा। इसके बाद प्रदेश में व्यापक और नियमित बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है।

इन जिलों में बारिश और तेज हवाओं की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, विदिशा, रायसेन, सीहोर, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, खंडवा, बुरहानपुर, देवास, शाजापुर, आगर-मालवा, रतलाम, मंदसौर, नीमच, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, अनूपपुर, शिवपुरी, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, अशोकनगर और गुना जिलों में दोपहर बाद गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। कई स्थानों पर तेज हवाएं और बिजली गिरने की आशंका भी बनी हुई है।

इन जिलों में फिलहाल मौसम रहेगा शुष्क

दूसरी ओर जबलपुर, नरसिंहपुर, सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, मैहर, सतना, पन्ना, दमोह, सागर, कटनी, उमरिया, शहडोल, टीकमगढ़, निवाड़ी, छतरपुर, खरगोन, बड़वानी, धार, झाबुआ और अलीराजपुर जिलों में मौसम अपेक्षाकृत साफ रहने की संभावना है। इन क्षेत्रों में बारिश की संभावना कम बताई गई है।

रविवार को कई जिलों में बारिश और तेज आंधी

रविवार को राजधानी भोपाल सहित प्रदेश के कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं ने मौसम को सुहावना बना दिया। भोपाल में दिनभर रुक-रुककर बारिश होती रही, जबकि सीहोर, रायसेन, इंदौर और खरगोन में भी अच्छी वर्षा दर्ज की गई। कुछ इलाकों में तेज हवाओं के कारण बिजली आपूर्ति बाधित रही। रायसेन जिले में तेज आंधी से कई मकानों के छप्पर उड़ गए, जबकि खरगोन में खेतों में चल रहे निंदाई और बुआई कार्य प्रभावित हुए। भोपाल और इंदौर संभाग के कई हिस्सों में हवाओं की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रतिघंटा से अधिक दर्ज की गई।

तापमान में आई गिरावट

आंधी-बारिश की वजह से दिन के तापमान में खासी गिरावट आई है। मौसम विभाग के अनुसार, 5 बड़े शहरों में तापमान 40 डिग्री से नीचे चल रहा है। भोपाल में 35.4 डिग्री, इंदौर में 36.3 डिग्री, ग्वालियर में 39.2 डिग्री, उज्जैन में 36.5 डिग्री और जबलपुर में तापमान 38.5 डिग्री सेल्सियस रहा। प्रदेश में खजुराहो, दतिया, नौगांव और मंडला ही ऐसे शहर रहे जहां अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक दर्ज किया गया। वहीं शिवपुरी प्रदेश का सबसे ठंडा शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। इसके अलावा पचमढ़ी में 35 डिग्री, सिवनी में 36 डिग्री, राजगढ़ में 36.4 डिग्री, नर्मदापुरम और श्योपुर में 36.6 डिग्री, बैतूल में 36.7 डिग्री तथा शाजापुर में 36.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे