home page

खेल अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास का सशक्त माध्यमः मंत्री उदय प्रताप सिंह

 | 
खेल अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास का सशक्त माध्यमः मंत्री उदय प्रताप सिंह


खेल अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास का सशक्त माध्यमः मंत्री उदय प्रताप सिंह




- मंत्री सिंह ने राष्ट्रीय शालेय क्रिकेट प्रतियोगिता में पहुंचकर खिलाड़ियों का किया उत्साहवर्धन

नरसिहंपुर, 14 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं हैं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना, आपसी सहयोग और आत्मविश्वास विकसित करने का सशक्त आधार हैं। खेलों के माध्यम से युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ आगे बढ़ने के बेहतर अवसर मिलते हैं।

मंत्री सिंह शनिवार को नरसिंहपुर जिले में चल रही 70 वीं राष्ट्रीय शालेय क्रिकेट प्रतियोगिता (अंडर-19 बालक वर्ग) में खिलाड़ियों को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने देश के विभिन्न राज्यों से आए खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही प्रतियोगिता के सफल, सुव्यवस्थित एवं गरिमामय आयोजन के लिए आयोजन समिति और सभी संबंधित लोगों को शुभकामनाएं दीं।

मंत्री सिंह ने शनिवार को प्रतियोगिता के अंतर्गत ग्राम बोहानी एवं कोंडिया के खेल मैदानों पर पहुंचकर देश के विभिन्न राज्यों से आए खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न टीमों के बीच खेले जा रहे मुकाबलों का आनंद लिया और खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनसे आत्मीय संवाद किया। ग्राम बोहानी के खेल मैदान पर पश्चिम बंगाल एवं आईपीएससी की टीमों के बीच मुकाबला खेला जा रहा था, जबकि कोंडिया में राजस्थान एवं गोवा की टीमें आमने-सामने थीं। मंत्री सिंह ने दोनों खेल मैदानों पर पहुंचकर मैचों का अवलोकन किया तथा खिलाड़ियों के खेल प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साह बढ़ाया।

इससे पूर्व ग्राम बोहानी में मंत्री सिंह ने शहीद आशीष शर्मा एवं दानवीर चौधरी राघव जी की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।इस अवसर पर बोहानी में जिला पंचायत सदस्य धनंजय सिंह पटेल, पुनीत त्यागी, उमेश शर्मा, रमाकांत शर्मा, मनोज शर्मा, चंद्रशेखर राणा, मनीष भार्गव एवं विद्यालय के प्राचार्य अजय शर्मा उपस्थित रहे। वहीं कोंडिया में अशोक पटेल, ऋषिराज ममार, अभिषेक ममार एवं प्रणव पाराशर सहित एसजीएफआई एवं आयोजन समिति के अधिकारी-कर्मचारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और खेल प्रेमी मौजूद रहे।

खिलाड़ियों के बीच पहुंचे मंत्री सिंह, भोजन व्यवस्था का लिया जायजा

70वीं राष्ट्रीय शालेय क्रिकेट प्रतियोगिता के अंतर्गत देश के विभिन्न राज्यों से आए खिलाड़ियों के लिए की गई भोजन व्यवस्था का जायजा लेने के लिए प्रदेश शासन के परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह मेस पहुंचे। इस दौरान उन्होंने भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। साथ ही खिलाड़ियों से आत्मीय संवाद कर प्रतियोगिता में उनके अनुभवों और उपलब्ध व्यवस्थाओं के संबंध में फीडबैक भी लिया।

मंत्री सिंह ने खिलाड़ियों के साथ सहजता से बातचीत करते हुए उनके खेल अनुभव जाने और भोजन व्यवस्था के संबंध में उनकी राय पूछी। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों को भोजन के उपरांत मीठे पान खिलाकर उनका आत्मीय स्वागत भी किया। मंत्री श्री सिंह के इस अपनत्वपूर्ण व्यवहार से खिलाड़ी खासे प्रसन्न नजर आए।

मेस परिसर में स्थापित विशेष फीडबैक पॉइंट भी खिलाड़ियों और उनके कोच के बीच आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। यहां विभिन्न राज्यों से आए खिलाड़ी एवं कोच भोजन, आवास और प्रतियोगिता से जुड़ी व्यवस्थाओं के संबंध में अपने अनुभव, सुझाव एवं प्रतिक्रियाएं दर्ज करा रहे हैं। इससे आयोजन की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने में भी मदद मिल रही है। वहींमेस के समीप लगाए गए भारतीय क्रिकेट टीम के प्रमुख खिलाड़ियों के आकर्षक होर्डिंग भी सभी का ध्यान आकर्षित कर रहे हैं। खिलाड़ी इन होर्डिंग के साथ तस्वीरें और सेल्फी लेकर प्रतियोगिता की यादों को संजो रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर