मप्रः मैहर में तेज रफ्तार ट्रक ने बस को मारी टक्कर, 12 यात्री घायल, पांच की हालत गंभीर
मैहर, 20 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मैहर जिले में अमरपाटन थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर ग्राम पड़हा के पास सोमवार एक यात्री बस को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। इस हादसे में 12 से अधिक यात्री घायल हो गए, जिनमें से पांच की हालत गंभीर है।
पुलिस के अनुसार, रीवा से नागपुर जा रही बस सोमवार रात करीब 10 बजे बस ग्राम पड़हा के पास यात्रियों को उतारने के लिए रुकी हुई थी। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बस में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस से उतर रहे यात्री और ट्रक चालक दोनों इसकी चपेट में आ गए।
हादसे की सूचना मिलते ही अमरपाटन थाना प्रभारी विजय सिंह पारस्ते पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और पुलिस ने एम्बुलेंस की मदद से सभी घायलों को तुरंत सिविल अस्पताल अमरपाटन पहुंचाया। घायलों में मऊगंज, रीवा, मैहर और पड़हा के स्थानीय निवासी शामिल हैं। गंभीर रूप से घायल पांच लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
टक्कर मारने वाला ट्रक चालक विजय प्रताप (निवासी मिर्जापुर, गुजरात मार्ग) भी हादसे में घायल हुआ है। पुलिस ने दुर्घटना का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और दोनों वाहनों को हाईवे से हटाकर यातायात बहाल कराया।
पुलिस के अनुसार, घायलों में विजय प्रताप (ट्रक चालक, गुजरात जा रहा था), अशोक द्विवेदी (उम्र 50 वर्ष, निवासी- ग्राम पढ़हा, थाना अमरपाटन), बलराम पाण्डेय (उम्र 52 वर्ष, निवासी- ग्राम पढ़हा, थाना अमरपाटन), शांति देवी साकेत, सुनील कुमार (निवासी- हनुमना, जिला रीवा), नील मिश्रा (निवासी- परियारी, जिला मऊगंज), आरती यादव, अनिल कुशवाहा (निवासी- घुनवारा, जिला मैहर), शुभम विश्वकर्मा (निवासी- पिपरा, जिला मऊगंज), रामजी विश्वकर्मा (निवासी- पैपखार, जिला मऊगंज) और विनय कुमार पटेल (निवासी- बरौनी, जिला मऊगंज) शामिल है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

