मप्रः मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए आज लगेंगे विशेष शिविर
- सभी विधानसभा क्षेत्रों के प्रत्येक मतदान केंद्र पर आयोजित होंगे शिविर
भोपाल, 21 नवंबर (हि.स.)। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मध्य प्रदेश में फोटो निर्वाचक नामावली के संक्षिप्त पुनरीक्षण का कार्य जारी है। इसके अंतर्गत मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने एवं छूटे हुए पात्र नागरिकों को शामिल करने के उद्देश्य से प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों के प्रत्येक मतदान केंद्र पर आज शनिवार को विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे।
जनसम्पर्क विभाग द्वारा जानकारी दी गई कि मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के निर्देशन में आयोजित इन शिविरों में विशेष रूप से 18-19 वर्ष आयु वर्ग के नवीन मतदाताओं, पात्र नागरिकों तथा मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे हुए लोगों के नाम जोड़ने की कार्रवाई की जाएगी।
1 जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर जुड़ेंगे नाम
मतदाता सूची के संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत 12 नवंबर 2026 को निर्वाचक नामावली के प्रारूप का प्रकाशन किया जा चुका है। इसके बाद 4 जनवरी 2027 को निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।
पात्र नागरिकों से शिविरों में पहुंचने की अपील
मप्र के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी संजीव कुमार झा ने दिव्यांगजनों, प्रवासियों, वरिष्ठ नागरिकों, 18-19 वर्ष आयु वर्ग के नवीन मतदाताओं सहित अन्य पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों पर अपने मतदान केंद्र पर पहुंचकर मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की प्रक्रिया पूर्ण करें। कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। सभी पात्र नागरिक विशेष शिविरों का लाभ उठाकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

