बिहार से आए सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स ने उज्जैन में विकास कार्यों एवं ऐतिहासिक स्थलों का किया अवलोकन
उज्जैन, 21 सितम्बर (हि.स.)। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विकसित भारत यात्रा गतिविधि के तहत बिहार से मध्य प्रदेश के उज्जैन आए 16 सदस्यीय सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स दल ने सोमवार को अपने उज्जैन भ्रमण के अंतिम दिन विभिन्न विकास कार्यों, ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक स्थलों तथा औद्योगिक गतिविधियों का अवलोकन किया।
भ्रमण के दौरान संबंधित अधिकारियों द्वारा इंफ्लूएंसर्स को विभिन्न परियोजनाओं एवं गतिविधियों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। इंफ्लूएंसर्स दल ने त्रिवेणी घाट का भ्रमण किया। यहां संबंधित अधिकारियों ने सिंहस्थ-2028 के अंतर्गत विकसित किए जा रहे लगभग 29 किलोमीटर लंबे घाट क्षेत्र की योजना एवं निर्माण कार्यों के संबंध में जानकारी दी। दल ने घाटों के विकास, श्रद्धालुओं की सुविधा तथा सिंहस्थ के दौरान प्रस्तावित व्यवस्थाओं को समझा।
इसके पश्चात दल ने रामघाट एवं दत्त अखाड़ा घाट का भ्रमण किया। यहां इंफ्लूएंसर्स ने सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित दीपोत्सव के बारे में जानकारी प्राप्त की। अधिकारियों ने बताया कि उज्जैन में शिप्रा तट सहित विभिन्न स्थानों पर 33 लाख से अधिक दीप प्रज्ज्वलित कर भव्य दीपोत्सव आयोजित किया गया था, जिसने आयोजन को विशेष पहचान दिलाई।
जंतर-मंतर पहुंचकर प्राचीन खगोलीय ज्ञान से हुए परिचित इंफ्लूएंसर्स
दल ने उज्जैन स्थित जंतर-मंतर (वेदशाला) का भी भ्रमण किया। यहां दल ने शंकु यंत्र, सम्राट यंत्र, नाड़ीवलय यंत्र, तुरीय यंत्र, नक्षत्र यंत्र एवं विक्रमादित्य वैदिक घड़ी का अवलोकन किया। संबंधित अधिकारियों ने यंत्रों की कार्यप्रणाली एवं प्राचीन भारतीय खगोल विज्ञान के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि इन यंत्रों के माध्यम से सूर्य की स्थिति एवं छाया के आधार पर समय सहित विभिन्न खगोलीय गणनाएं की जाती थीं। इंफ्लूएंसर्स ने उज्जैन की प्राचीन वैज्ञानिक एवं खगोलीय परंपरा के बारे में जानकारी प्राप्त की।
विक्रम उद्योगपुरी में औद्योगिक गतिविधियों का किया अवलोकन
भ्रमण के अगले चरण में इंफ्लूएंसर्स दल ने विक्रम उद्योगपुरी का भ्रमण कर क्षेत्र में संचालित औद्योगिक गतिविधियों की जानकारी ली। इस दौरान एमपीआईडीसी, उज्जैन रीजनल कार्यालय में महाप्रबंधक विनय तोमर द्वारा प्रस्तुतीकरण के माध्यम से मध्य प्रदेश तथा विक्रम उद्योगपुरी में संचालित औद्योगिक गतिविधियों, निवेश की संभावनाओं एवं विकसित किए जा रहे औद्योगिक अधोसंरचना के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।
इसके पश्चात दल ने विक्रम उद्योगपुरी स्थित पंचामृत डेयरी (अमूल) का अवलोकन किया और डेयरी क्षेत्र में संचालित गतिविधियों एवं कार्यप्रणाली की जानकारी प्राप्त की। इंफ्लूएंसर्स दल ने विक्रम उद्योगपुरी स्थित कॉमन एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट (सीईटीपी) का भी अवलोकन किया। अधिकारियों ने औद्योगिक इकाइयों से निकलने वाले अपशिष्ट के उपचार एवं पर्यावरणीय प्रबंधन की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी। दल द्वारा विक्रम उद्योगपुरी में निर्माणाधीन वर्किंग वूमेन हॉस्टल का भी अवलोकन किया गया। संबंधित अधिकारियों ने परियोजना की प्रगति एवं महिला कर्मचारियों के लिए प्रस्तावित सुविधाओं की जानकारी दी।
इस प्रकार बिहार से आए सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स दल ने उज्जैन भ्रमण के अंतिम दिन सिंहस्थ-2028 की तैयारियों, धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत, प्राचीन भारतीय खगोल विज्ञान तथा आधुनिक औद्योगिक विकास से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों को नजदीक से जाना और उनके संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। भ्रमण के दौरान समन्वयक रोशन कुमार (बिहार), हितेश नागदेव, अंकुश मिश्रा, आकाश जैन, चित्रांश सक्सेना, नीरज बंजारी, तहसीलदार मुकेश सोनी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

