मप्रः उज्जैन में सिंहस्थ की सिक्सलेन ने बढ़ाई 25 कॉलोनियों की परेशानी, रहवासियों ने किया चक्काजाम
- रास्ता बंद होने से भड़के रहवासी, महामृत्युंजय द्वार पर किया प्रदर्शन
उज्जैन, 29 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन में शहर में सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के लिए इंदौर रोड पर चल रहा सिक्सलेन निर्माण अब आसपास की कॉलोनियों के रहवासियों के लिए परेशानी का कारण बन गया है। महामृत्युंजय द्वार चौराहे पर डिवाइडर बनाए जाने से नानाखेड़ा की ओर जाने वाला सीधा रास्ता बंद हो गया है। इसका असर क्षेत्र की 25 से अधिक कॉलोनियों पर पड़ रहा है। लोगों को अब शांति पैलेस चौराहे से घूमकर जाना पड़ रहा है, जिससे करीब दो किलोमीटर का अतिरिक्त सफर करना पड़ रहा है।
लगातार परेशानी झेल रहे रहवासियों का गुस्सा रविवार शाम फूट पड़ा। बड़ी संख्या में लोग महामृत्युंजय द्वार पर जमा हुए और सड़क पर चक्काजाम कर दिया। करीब दो घंटे तक चले प्रदर्शन के कारण इंदौर रोड पर वाहनों की कतारें लग गईं। रात करीब 8 बजे पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के हस्तक्षेप तथा समस्या के निराकरण के आश्वासन के बाद लोगों ने आंदोलन समाप्त किया।
25 कॉलोनियों के 20 से 25 हजार लोग प्रभावित
स्थानीय रहवासियों का कहना है कि सिक्सलेन निर्माण की योजना बनाते समय आसपास की आबादी की आवाजाही को पर्याप्त महत्व नहीं दिया गया। महामृत्युंजय द्वार से नानाखेड़ा जाने का सीधा रास्ता बंद होने के बाद रोजमर्रा के कामों के लिए भी लंबा रास्ता तय करना पड़ रहा है। उनके मुताबिक, इस बदलाव से 25 से ज्यादा कॉलोनियों के करीब 20 से 25 हजार लोग प्रभावित हैं। स्कूल-कॉलेज जाने वाले विद्यार्थियों से लेकर नौकरीपेशा लोगों, महिलाओं और बुजुर्गों को रोजाना अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है।
एक महीने से अधिकारियों के चक्कर लगा रहे रहवासी
स्थानीय प्रतिनिधि संतोष व्यास ने बताया कि इस समस्या को लेकर रहवासी पिछले एक महीने से प्रशासन और एमपीआरडीसी के अधिकारियों से संपर्क कर रहे हैं। सांसद को भी ज्ञापन दिया जा चुका है। पिछले सोमवार को एमपीआरडीसी के अधिकारियों को मांग पत्र सौंपकर रास्ते की व्यवस्था सुधारने की मांग की गई थी।
ज्ञापन में महामृत्युंजय द्वार चौराहे और डी-मार्ट के सामने व्यवस्थित कट बनाने, रोटरी और ट्रैफिक सिग्नल की व्यवस्था करने का प्रस्ताव रखा गया था। इसके अलावा इंजीनियरिंग कॉलेज अंडरपास का दूसरा सिरा कॉलेज की तरफ खोलने की मांग भी की गई थी। रहवासियों का कहना है कि लगातार शिकायतों के बावजूद अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला।
बाहर से आने वालों के साथ स्थानीय लोगों की सुविधा भी जरूरी
संतोष व्यास ने कहा कि सिंहस्थ का आयोजन 12 साल में एक बार होता है, लेकिन इन कॉलोनियों में रहने वाले लोगों को हर दिन इसी मार्ग से गुजरना पड़ता है। मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए निर्माण कार्य जरूरी है, लेकिन स्थानीय नागरिकों की आवाजाही का भी ध्यान रखा जाना चाहिए।
अधिकारियों के भरोसे पर आंदोलन खत्म, सोमवार को बैठक
चक्काजाम की सूचना पर तहसीलदार मुकेश सोनी, नीलगंगा थाना प्रभारी नरेंद्र यादव और सीएसपी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर संबंधित विभाग के साथ बैठकर रास्ते की समस्या का हल निकालने का भरोसा दिया। इसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।
प्रशासन ने सोमवार दोपहर 1 से 1:30 बजे के बीच कलेक्टर कार्यालय में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक तय की है। संतोष व्यास के अनुसार, रहवासी इस बैठक में शहर के जनप्रतिनिधियों को भी शामिल कराने की मांग करेंगे। यदि बातचीत से समस्या का समाधान नहीं निकलता है तो आंदोलन को आगे बढ़ाने पर विचार किया जाएगा।
नीलगंगा थाना प्रभारी नरेंद्र यादव ने बताया कि महामृत्युंजय द्वार के पास रास्ते का कट बंद किए जाने से रहवासी नाराज थे। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की समझाइश के बाद उन्होंने चक्काजाम समाप्त कर दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

