शिवपुरीः पेशाब के बहाने गाड़ी रुकवाकर पुलिस हिरासत से फरार हुए 3 आरोपी, दो पकड़ाए
शिवपुरी, 26 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में लुकवासा चौकी क्षेत्र में रविवार को राष्ट्रीय राजमार्ग-46 स्थित जैन भोजनालय के पास देवास पुलिस की हिरासत में ले जाए जा रहे तीन आरोपियों ने भागने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को दोबारा पकड़ लिया, जबकि मुख्य आरोपी लल्ला जाटव पुलिस को चकमा देकर फरार होने में सफल रहा। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार, ग्वालियर जिले के जलालपुर निवासी एक विवाहिता की शादी देवास जिले में हुई थी और उसका एक मासूम बच्चा भी है, वह अपने प्रेमी लल्ला जाटव के साथ घर से चली गई थी। इस संबंध में महिला की गुमशुदगी की रिपोर्ट देवास जिले के बरोठा थाना में दर्ज की गई थी। जांच के दौरान देवास पुलिस ने झांसी जिले के मोठ क्षेत्र से महिला, उसके मासूम बच्चे, मुख्य आरोपी लल्ला जाटव और उसके दो साथियों को हिरासत में लिया था।
रविवार को पुलिस तीनों आरोपियों को सरकारी वाहन से देवास लेकर जा रही थी। रास्ते में लुकवासा चौकी क्षेत्र के एनएच-46 स्थित जैन भोजनालय पर आरोपियों ने चाय पीने के लिए वाहन रुकवाने की बात कही। चाय पीने के बाद तीनों ने शौचालय और पेशाब जाने का बहाना बनाया। जैसे ही पुलिस ने उन्हें झाड़ियों की ओर जाने दिया, तीनों अचानक खेतों की तरफ दौड़ पड़े।आरोपियों को भागता देख देवास पुलिस के जवान तुरंत उनके पीछे दौड़े। मौके पर मौजूद गौ सेवकों और अन्य लोगों ने भी पुलिस की मदद करते हुए आरोपियों का पीछा किया। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने दो आरोपियों को दोबारा पकड़ लिया, लेकिन मुख्य आरोपी लल्ला जाटव मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही लुकवासा चौकी पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। इसके बाद देवास पुलिस पकड़े गए दोनों आरोपियों, महिला और उसके मासूम बच्चे को साथ लेकर देवास रवाना हो गई, जबकि फरार आरोपी लल्ला जाटव की तलाश के लिए पुलिस द्वारा सर्च अभियान जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

