शिवपुरीः रोटरी मेडिकल मिशन की तैयारी युद्ध स्तर पर जारी, मंत्री तोमर ने किया स्थल का निरीक्षण
- 17 मार्च से 24 मार्च तक लगेगा वृहद स्वास्थ्य शिविर
शिवपुरी, 03 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शिवपुरी में जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग व रोटरी के सहयोग से रोटरी रीजनल मेडिकल मिशन अंतर्गत 17 मार्च से 24 मार्च तक वृहद स्वास्थ्य शिविर का आयोजन मेडिकल कॉलेज शिवपुरी में किया जाएगा। इसकी तैयारियां युद्ध स्तर पर जारी हैं।
इस विशाल रोटरी मेडिकल मिशन के संदर्भ में तैयारियों एवं व्यवस्थाओं के संबंध में प्रदेश के ऊर्जा मंत्री और शिवपुरी जिले के प्रभारी मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने मंगलवार को मेडिकल कॉलेज के पास स्थित सीएम राइज स्कूल शिवपुरी प्रांगण में स्थल का निरीक्षण किया।
स्थल निरीक्षण के दौरान प्रभारी मंत्री तोमर ने जनरल ओपीडी, मेडिसीन, रजिस्ट्रेशन हेतु बनाए जाने वाले डोम के स्थल का निरीक्षण किया। सीएम राइज स्कूल प्रांगण में टेंट सिटीनुमा आकृति बनाई जा रही है, जिसमें तीन बड़े डोम एक डोम चिकित्सकों की ओपीडी के लिए रहेगा। साथ ही एक डोम में सांस्कृतिक आयोजन हेतु तथा एक और अन्य डोम में रजिस्ट्रेशन, खून की जांच, बी.पी, शुगर ईसीजी आदि एवं दवा वितरण की व्यवस्था रखी गई है।
मंत्री तोमर ने काउन्टर व्यवस्था देखी। कार्डियोलॉजी डिपार्टमेंट एवं मरीजों की आवश्यकता के अनुसार बनाए जाने वाले ब्लॉक एवं सेक्शन को भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्देश दिए कि मरीजों की किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए फ्लेक्स अथवा बैनर पर संर्पूण कार्यक्रम स्थल का नक्शा तैयार किया जाए। जिसमें सारी आवश्यक ब्लॉक स्पष्ट रूप से दिखाई दें और मरीज को डॉक्टर के पास तक या रजिस्ट्रेशन काउन्टर तक पहुंचने में कोई कठिनाई न हो। इस प्रकार के नक्शे को संपूर्ण स्थल के मुख्य द्वार पर लगाया जाए।
उन्होंने कहा कि शिविर में देश के अरविंदो तथा एम्स हॉस्पिटल के ख्यातिनाम चिकित्सक उपस्थित रहकर पीड़ित मरीजों का उपचार करेंगे। इस शिविर में शिवपुरी-गुना-अशोकनगर सहित आसपास के सभी जिलों के मरीज उपचार हेतु शिविर में उपस्थित हो सकेंगे। शिविर में सम्पूर्ण उपचार निःशुल्क रहेगा।
शिविर में चालू मशीनें लगाई जाए, साफ-सफाई की व्यवस्था पूरी तरह से ठीक हो
इससे पहले मंत्री तोमर ने विशाल रोटरी मेडिकल मिशन अंतर्गत आयोजित शिविर की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं के संबंध में जिलाधीश कार्यालय में बैठक ली। उन्होंने इस अवसर पर कहा कि कहा कि शासन गरीबों, किसानों, महिलाओं, युवाओं सहित हर वर्ग के व्यक्ति की चिन्ता करती है और जरूरतमंद की मदद करना शासन का दायित्व है. रोटरी मेडिकल मिशन के माध्यम से शिवपुरी एवं शिवपुरी के आसपास ग्रामीण क्षेत्रों को अधिक से अधिक लाभान्वित किया जाएगा। इसमें एम्स, अरविंदो हॉस्पिटल सहित अन्य हॉस्पिटल के डॉक्टर्स मरीजों का निशुल्क इलाज करेंगे।
उन्होंने कहा कि यह कार्य मानव सेवा का उत्तम उदाहरण है। मेडिकल मिशन के माध्यम से अभी तक हम लाखों लोगों को लाभ प्रदान कर चुके है। उन्होंने कहा कि जो भी मशीनें शिविर में मरीजों की स्क्रीनिंग के लिए लगाई जा रही है, वे पूर्ण रूप से चालू हो, बेहतर कार्य करने वाली हो, बंद न हो जिससे बीच में कार्य अवरोध हो। साथ ही साफ-सफाई की व्यवस्था भी उत्तम क्वालिटी की होनी चाहिए। 11 अथवा 12 मार्च को मैं, पुनः एक बार निरीक्षण के लिए आऊंगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

