शिवपुरी में 'नशे से दूरी है जरूरी 2.0' अभियान का आगाज, एसपी ने शपथ दिलाकर बाइक रैली को दिखाई हरी झंडी
शिवपुरी, 15 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर नशे से दूरी है जरूरी 2.0 जनजागरूकता अभियान की शुरुआत हो गई। अभियान के तहत बुधवार को पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई और जागरूकता बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
यह विशेष अभियान 15 जुलाई से 30 जुलाई 2026 तक जिलेभर में संचालित किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य समाज को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा विशेष रूप से युवाओं को नशे की लत से बचाना है।
एसपी यांगचेन डोलकर भूटिया ने जिले के सभी एसडीओपी एवं थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि अभियान को जनभागीदारी के साथ प्रभावी ढंग से संचालित किया जाए। उन्होंने कहा कि नशीले पदार्थों का बढ़ता प्रचलन युवाओं के भविष्य के लिए गंभीर खतरा है। नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार और समाज के साथ-साथ कानून-व्यवस्था को भी प्रभावित करता है। इसलिए जनजागरूकता और सामाजिक सहभागिता ही इसका सबसे प्रभावी समाधान है।
अभियान के तहत जिले के सभी थाना क्षेत्रों में विद्यालयों, महाविद्यालयों, कोचिंग संस्थानों, ग्राम पंचायतों, नगरीय निकायों और सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं और सामाजिक संगठनों को नशे के दुष्परिणाम, कानूनी प्रावधानों और सामाजिक जिम्मेदारियों की जानकारी दी जाएगी।
अभियान के दौरान जनजागरूकता रैलियां, शपथ ग्रहण, नुक्कड़ नाटक, संगोष्ठियां, परिचर्चाएं, चित्रकला, निबंध, भाषण एवं स्लोगन प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। साथ ही फेसबुक, एक्स (ट्विटर), इंस्टाग्राम सहित विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से भी लगातार नशामुक्ति का संदेश प्रसारित किया जाएगा।
शिवपुरी पुलिस ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में विशेष जनसंपर्क अभियान भी चलाएगी, जिसमें नागरिकों से स्वयं नशे से दूर रहने और अपने परिवार व समाज को भी इसके दुष्प्रभावों से बचाने की अपील की जाएगी। युवाओं को खेल, शिक्षा और कौशल विकास जैसी सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने पर भी विशेष जोर रहेगा।
इसके साथ ही जिले में मादक पदार्थों की अवैध बिक्री, परिवहन, संग्रहण और तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि कहीं भी नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार की जानकारी मिले तो तत्काल स्थानीय थाना या कंट्रोल रूम को सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया ने जिलेवासियों से आह्वान किया कि नशामुक्त समाज का निर्माण केवल पुलिस या प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामाजिक दायित्व है। उन्होंने सभी से स्वयं नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय सहयोग देने की अपील की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / युगल किशोर शर्मा

