शहडोलः डायल 112 के जवानों ने रास्ता भटके मासूम को सुरक्षित परिजनों से मिलाया
भोपाल, 01 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले के थाना कोतवाली क्षेत्र में डायल-112 जवानों की तत्पर और संवेदनशील कार्यवाही से खेलते-खेलते घर का रास्ता भटक गए एक 03 वर्षीय मासूम को सुरक्षित उसके परिजनों से मिलाया गया। समय पर की गई इस कार्रवाई से बच्चे को सुरक्षित संरक्षण मिल सका।
पुलिस मुख्यालय द्वारा जानकारी दी गई कि बुधवार को राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम डायल-112 भोपाल को सूचना प्राप्त हुई कि थाना कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत इतवारी मोहल्ला में एक 03 वर्षीय बालक अकेला मिला है, जो घर का रास्ता भटक गया है। पुलिस सहायता की आवश्यकता है। सूचना प्राप्त होते ही थाना कोतवाली में तैनात डायल-112 एफआरव्ही वाहन को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।
मौके पर पहुँचकर प्रधान आरक्षक बैजनाथ सिंह एवं पायलट अनुराग द्विवेदी ने बालक को अपने संरक्षण में लेकर आसपास के क्षेत्र में परिजनों की तलाश एवं पूछताछ की। लगातार प्रयासों के पश्चात बालक के परिजन मिले, जिन्हें पहचान एवं सत्यापन उपरांत बालक को सुरक्षित सुपुर्द किया गया। अपने बच्चे को सकुशल पाकर परिजनों ने राहत महसूस की और डायल-112 सेवा एवं पुलिस जवानों का आभार व्यक्त किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

