मप्र में सेवा संकल्प अभियान का दीप प्रज्ज्वलित और रक्तदान शिविरों में जनभागीदारी से करेंगे शंखनाद
- सांस्कृतिक धरोहरों और आइकॉनिक स्थलों पर 17 सितम्बर की सायं 7 बजे आयोजित होगा ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम
भोपाल, 15 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्म दिवस से अवसर पर सेवा से संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित किया जा रहा है। अभियान अंतर्गत 17 सितंबर को दीप प्रज्ज्वलित कर रक्तदान शिविरों में जनभागीदारी के शंखनाद के साथ आयोजन किया जाएगा।
“आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम में नगर निगमों के प्रति वार्डो में न्यूनतम 1000 दीपक, नगर पालिका परिषदों के प्रति वार्ड में न्यूनतम 500, नगर परिषदों में प्रति वार्ड में 250 दीपक एवं ग्राम पंचायतों की सांस्कृतिक धरोहरों और आइकॉनिक स्थलों पर सायं 7 बजे दीप प्रज्जवलित किए जाएंगे। इसके साथ रक्तदान शिविरों का आयोजन कर एनीमिया से पीड़ित माताओं एवं गंभीर रोगियों को समयबद्ध रूप से रक्त प्रदाय किया जाएगा।
नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने मंगलवार को वीडियो कॉन्फ़्रेंसिंग से “सेवा से संकल्प“ अभियान अंतर्गत प्रदेश के सभी नगरीय निकायों में आयोजन की तैयारियों की समीक्षा की।
शासकीय आयोजन नहीं, जन-आंदोलन बने सेवा संकल्प अभियान
समीक्षा बैठक में बताया गया कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सेवा, जनकल्याण और नागरिक सहभागिता की जो सुदृढ़ परंपरा विकसित हुई है, उसी के अनुरूप प्रदेश में यह अभियान संचालित किया जा रहा है। मंत्री विजयवर्गीय ने स्पष्ट किया कि सेवा संकल्प अभियान केवल एक औपचारिक शासकीय आयोजन नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुँचाने का एक राष्ट्रव्यापी जन-आंदोलन है।
ऐतिहासिक एवं आइकॉनिक स्थलों पर होंगे दीप प्रज्ज्वलित
17 सितम्बर को सायं 7 बजे आयोजित होने वाले ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम प्रदेश के प्रमुख, ऐतिहासिक एवं आइकॉनिक स्थलों पर भव्य स्वरूप में आयोजित किया जायेगा। सभी नगरीय निकायों को निर्देशित किया कि दीप प्रज्ज्वलित के लिए तेल, दीपक, मोमबत्तियां एवं प्रकाश व्यवस्था पूर्व से ही सुनिश्चित की जाए। इस अवसर पर प्रमुख सार्वजनिक परिसरों को विशेष रोशनी से सजाया जाए और स्थानीय नागरिकों, सामाजिक संस्थाओं, स्वयं सहायता समूहों तथा जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए।
विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के हितग्राही बनेंगे उत्सव के सहभागी
अभियान को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी), पीएम स्वनिधि योजना तथा लाड़ली बहना योजना की हितग्राही बहनों को विशेष रूप से इस कार्यक्रम से जोड़ा जाएगा। लाभान्वित परिवारों के घरों और बस्तियों में दीप प्रज्ज्वलन को प्रोत्साहित कर शासन एवं समाज के मध्य अटूट सहभागिता का वातावरण निर्मित किया जाएगा।
रक्तदान शिविर: समयबद्ध रक्त आपूर्ति से मिलेगा जीवनदान
17 सितम्बर को प्रातःकाल आयोजित होने वाले प्रदेशव्यापी रक्तदान शिविरों की समीक्षा करते हुए मंत्री विजयवर्गीय ने निर्देश दिए कि रक्तदान शिविरों में स्वास्थ्य विभाग एवं ब्लड बैंकों के साथ प्रभावी समन्वय स्थापित कर एकत्रित रक्त का उपयोग एनीमिया से पीड़ित माताओं, गंभीर रोगियों तथा जरूरतमंद उपचाराधीन मरीजों के लिए समयबद्ध रूप से सुनिश्चित किया जाए।
सामूहिक उत्तरदायित्व एवं सुशासन का बनेगा सशक्त उदाहरण
ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने कहा कि अभियान का मूल ध्येय समाज में सेवा, करुणा और सामूहिक दायित्व की भावना को प्रबल करना है। अपर मुख्य सचिव संजय दुबे ने निर्देश दिए कि सभी नगरीय निकायों की गतिविधियों की नियमित मॉनिटरिंग करें तथा सफलता की कहानियों के साथ सभी गतिविधियों के फोटो एवं वीडियो को निर्धारित पोर्टलों एवं सोशल मीडिया पर नियमित रूप से अपलोड करें, ताकि यह अभियान मध्यप्रदेश में जनभागीदारी और सुशासन की एक नई मिसाल कायम कर सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

