home page

मध्य प्रदेश आज स्थापित कर रहा है विकास के नित नए आयाम: राज्यमंत्री पटेल

 | 
मध्य प्रदेश आज स्थापित कर रहा है विकास के नित नए आयाम: राज्यमंत्री पटेल


- रायसेन में मध्य प्रदेश का 71वां स्थापना दिवस समारोह सम्पन्न, स्वाभिमान पर्व क्विज के विजेताओं को मिले ट्रैक्टर, बुलेट और ई-स्कूटी

रायसेन, 01 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के स्वास्थ्य राज्यमंत्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल ने ने कहा कि प्रदेश आज विकास के नित नए आयाम स्थापित कर रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के नेतृत्व में मध्य प्रदेश हर क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति कर रहा है। चाहे आधारभूत संरचना का सुदृढ़ीकरण हो या जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन हो।

राज्यमंत्री पटेल रविवार को रायसेन स्थित वन परिसर में आयोजित मध्यप्रदेश का 71वां स्थापना दिवस समारोह को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर विधायक डॉ प्रभुराम चौधरी, जिला पंचायत अध्यक्ष यशवंत मीणा, नगर पालिका अध्यक्ष सविता सेन, कलेक्टर रोहित सिसोनिया, प्रभारी एसपी अंकित जायसवाल, जिला पंचायत सीईओ कमल सोलंकी तथा राकेश शर्मा भी उपस्थित रहे।

स्वास्थ्य राज्यमंत्री पटेल ने उपस्थित जनसमूह को मप्र स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज हमारा मध्य प्रदेश समग्र विकास, सुशासन और जनसेवा की भावना के साथ निरंतर आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री डॉ यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा वर्ष 2026 को किसान कल्याण वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में किसानों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, कृषि विकास, आधुनिक खेती और किसान हितैषी कार्यक्रमों की जानकारी से जोड़ने के उद्देश्य से किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई। इस प्रतियोगिता में जिले के किसानों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और अपनी जानकारी एवं ज्ञान का परिचय दिया। इस प्रतियोगिता के विजेताओं को यहां पुरस्कृत किया जा रहा है। सरकार का संकल्प है कि किसान आर्थिक रूप से सशक्त हों, उन्हें आधुनिक कृषि तकनीकों और योजनाओं का लाभ मिले तथा खेती को अधिक लाभकारी बनाया जा सके।

विधायक डॉ चौधरी ने कहा कि ऐतिहासिक, धार्मिक, सांस्कृतिक विरासत से समृद्ध हमारा मध्यप्रदेश विकास के पथ पर तेजी से अग्रसर है। यहां उज्जैन में भगवान श्रीकृष्ण ने शिक्षा प्राप्त की है। यहां मॉ नर्मदा, बेतवा, क्षिप्रा सहित अनेक जीवनदायिनी नदियां है! हमारे रायसेन जिले में भी सांची बौद्ध स्तूप, भीमबैटका, भोजपुर शिव मंदिर सहित अनेक ऐतिहासक और सांस्कृतिक विरासत हैं। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश शिक्षा, स्वास्थ्य, अद्योसंरचना, खेती हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री डॉ यादव द्वारा प्रदेश के विकास को और गति देने के लिए, नवीन उद्योगों को प्रोत्साहित करने रीजनल समिट का आयोजन किया गया। जब नए उद्योग प्रदेश में आएंगे तो रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे और आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रमुखता से काम किया जा रहा है। प्रदेश में खेती को लाभ का व्यवसाय बनाने की दिशा में तेजी से काम हो रहा है।

स्वास्थ्य राज्यमंत्री पटेल तथा विधायक डॉ चौधरी ने अन्य अतिथियों के साथ समारोह स्थल पर कृषि विभाग, उद्यानिकी विभाग, महिला बाल विकास, स्वास्थ्य विभाग, सहकारी बैंक, स्कूल शिक्षा, आयुष विभाग सहित अन्य विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल और प्रदर्शनी का निरीक्षण किया। समारोह में विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं द्वारा देशभक्ति और मध्यप्रदेश की संस्कृति, धरोहरों और वैभव पर केन्द्रित सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दी गईं। जिन्होंने सभी का मनमोह लिया। छात्र-छात्राओं द्वारा म्हारो प्यारो मध्यप्रदेश......... आयो रे शुभ दिन आयो रे..........., पन्ना का हीरा, पानागर का पान...., आदिवासी जंगल रखवाला रे.... और लोकगीतों पर समूह नृत्य की प्रस्तुतियां दी गईं।

समारोह में अतिथियों द्वारा अनेक हितग्राहियों को विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं के हितलाभ वितरित किए गए। साथ ही विभिन्न अभियानों तथा दायित्वों के निर्वहन में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित भी किया गया। समारोह में अतिथियों द्वारा सिकान कल्याण स्वाभिमान पर्व क्विज 2026 के जिले के विजेता किसानों को पुरस्कृत किया गया। प्रतियोगिता में जिला स्तर पर ग्राम महुआखेड़ा निवासी सत्मेश बघेल को प्रथम पुरस्कार में ट्रेक्टर, ग्राम उदयपुरा निवासी सदशिव पाठक को द्वितीय पुरस्कार में बुलेट बाईक तथा तृतीय स्थान पर रहे ग्राम अनहोरी निवासी बब्लू शर्मा को ई-स्कूटी प्रदान की गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर