home page

दिव्यांगजनों की सेवा परमात्मा की सच्ची सेवा : संभाग आयुक्त शर्मा

 | 
दिव्यांगजनों की सेवा परमात्मा की सच्ची सेवा : संभाग आयुक्त शर्मा


भोपाल, 27 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के भोपाल संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा ने कहा कि दिव्यांगजनों की सेवा परमात्मा की सच्ची सेवा है। दिव्यांगजनों को उनकी विशिष्ट आवश्यकताओं के अनुरूप सभी शासकीय योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ दिलाएं। उन्हें स्वरोजगार योजनाओं से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाएं साथ ही समाज में विशिष्ट स्थान दिलाएं।

संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा ने गुरुवार को आयुक्त कार्यालय सभाकक्ष में सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग की समीक्षा बैठक ली और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में संयुक्त आयुक्त राजस्व डॉ. विनोद यादव, संयुक्त संचालक सामाजिक न्याय विभाग रामविलास सेमिल सहित संभाग के सभी जिलों के अधिकारी उपस्थित रहे।

संभागायुक्त शर्मा ने अधिकारियों को विभागीय योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मैदानी अमले के कार्यों की प्रतिदिन समीक्षा की जाए। सभी अधिकारी विभाग द्वारा संचालित वृद्धाश्रमों का नियमित रूप से निरीक्षण करें। विभाग की सभी पेंशन योजनाओं का शत प्रतिशत लाभ हितग्राहियों को दिलवाने के लिए उनके खातों का केवायसी सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में संभाग आयुक्त शर्मा ने राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम अंतर्गत वृद्धावस्था पेंशन एवं दिव्यांग पेंशन हितग्राहियों के डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट पंजीयन की प्रगति की समीक्षा की और इस कार्य को प्राथमिकता के साथ किए जाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही uidai एवं मेडिकल सर्टिफिकेट के लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। संभागायुक्त ने मुख्यमंत्री कल्याणी विवाह सहायता योजना एवं दिव्यांग विवाह प्रोत्साहन योजना का व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक पात्र हितग्राही इन योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।

शासकीय कार्य में लापरवाही बरतने पर कार्रवाई, चार अधिकारियों को नोटिस

संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा ने शासकीय कार्य में लापरवाही बरतने पर संभाग के चार अधिकारियों को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किए हैं। ये सभी अधिकारी राजगढ़ जिले के हैं, जिनके विरूद्ध कलेक्टर द्वारा कार्य में लापरवाही बरतने संबंधी जानकारी संभागायुक्त को दी गई थी।

राजगढ़ जिले के उप संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं डी.आर. अहिरवार को सीएम हैल्प लाइन में वांछित प्रगति नहीं होने, जिला कोषालय अधिकारी प्रहलाद डोडरिया को बैठकों में अनुपस्थित रहने, खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुरेन्द्र सिंह खत्री को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम का जिले में प्रभावी क्रियान्वयन नहीं होने तथा परियोजना अधिकारी महिला एवं बाल विकास सुठालिया परियोजना को आंगनवाड़ी केन्द्र का समुचित संचालन नहीं पाए जाने पर कारण बताओ सूचना पत्र जारी किए गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर