home page

सीहोरः पहले दिन जिले के 1,26,948 बच्चों को पिलाई गई पोलियो की खुराक

 | 
सीहोरः पहले दिन जिले के 1,26,948 बच्चों को पिलाई गई पोलियो की खुराक


सीहोर, 28 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सीहोर जिले में रविवार को शुरू हुए तीन दिवसीय राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान में पहले दिन 1,26,948 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई। कलेक्टर बालागुरू के. और स्वास्थ्य विभाग द्वारा सभी नागरिकों से अपील की गई है कि वे 05 वर्ष तक की आयु के अपने बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं।

सीएमएचओ डॉ सुधीर डेहरिया ने बताया कि अभियान के प्रथम दिन जिले के 1620 स्वास्थ्य संस्थाओं पर बूथ स्थापित कर, 43 मोबाइल टीम तथा 39 ट्रांजिट टीम बनाकर 1,26,948 बच्चो को पोलियो की दवा पिलाई गई। अगले दो दिनों तक स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर छूटे हुए 55,136 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगी। अभियान के अंतर्गत 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के जिले के 1,82,084 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

अभियान के सफल संचालन हेतु जिले में सूक्ष्म कार्ययोजना तैयार की गई है। हाई रिस्क क्षेत्रों जैसे ईंट भट्टे, निर्माण स्थलों, झुग्गी-झोपड़ियों, घुमक्कड़ आबादी, हाट-बाजार एवं मेला स्थलों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। अभियान की मॉनिटरिंग एवं सुपरविजन के लिए अधिकारियों एवं सुपरवाईजरों की ड्यूटी निर्धारित की गई है तथा समीक्षा की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर