सीहोरः कलेक्टर -एसपी ने विसर्जन घाट का किया निरीक्षण, व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
सीहोर, 24 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सीहोर में गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के दौरान सुरक्षा एवं सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर बालागुरू के एवं पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना ने गुरुवार को विसर्जन घाट का निरीक्षण किया। उन्होंने घाट पर श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक तैयारियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर बालागुरू ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि विसर्जन स्थल पर सुरक्षा की दृष्टि से सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। घाट पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, स्वच्छता, पेयजल सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रहें तथा व्यवस्थित तरीके से प्रतिमा विसर्जन किया जाए।
कलेक्टर एवं एसपी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विसर्जन के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने और यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यक पुलिस बल एवं अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। घाट पर किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसके लिये सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। निरीक्षण के दौरान एएसपी डॉ. प्रशांत चौबे, एसडीएम तन्मय वर्मा, नगरपालिका सीएमओ सुधीर सिंह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
जिलेभर में गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश
कलेक्टर बालागुरू के ने जिले के सभी एसडीएम, एसडीओपी, जनपद सीईओ एवं नगरीय निकायों के सीएमओ को निर्देश दिए हैं कि अपने-अपने क्षेत्रों में गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए निर्धारित घाटों पर आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करें। विसर्जन स्थलों पर सुरक्षा, प्रकाश, स्वच्छता, पेयजल, बैरिकेडिंग तथा यातायात व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि विसर्जन स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल एवं आवश्यक अमला तैनात रहे तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित रहें। नदी एवं जलाशयों के गहरे स्थानों पर विशेष निगरानी रखते हुए सुरक्षा संबंधी आवश्यक प्रबंध किए जाएं। संबंधित अधिकारी मौके पर व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर यह सुनिश्चित करें कि विसर्जन के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
चल समारोह के सुचारू संचालन के दिए निर्देश
कलेक्टर ने गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान जिले के विभिन्न नगरों में निकलने वाले चल समारोह के सुचारू एवं व्यवस्थित संचालन के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि चल समारोह के मार्ग में आवश्यक सुरक्षा, यातायात, प्रकाश, पेयजल एवं स्वच्छता सहित अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। भीड़ को देखते हुए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती तथा यातायात व्यवस्था के लिए आवश्यक प्रबंध किए जाएं। कलेक्टर ने जिले के सभी एसडीएम, एसडीओपी, को अपने क्षेत्रों में कानून व्यवस्था बनाये रखने के निर्देश दिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

