home page

सीहोरः कलेक्टर ने किया किसानों द्वारा की जा रही जैविक खेती का निरीक्षण

 | 
सीहोरः कलेक्टर ने किया किसानों द्वारा की जा रही जैविक खेती का निरीक्षण


- कृषि विभाग की साइलोपिट एवं वर्मी कम्पोस्ट यूनिट का कलेक्टर ने किया अवलोकन

सीहोर, 18 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सीहोर जिले के कलेक्टर बालागुरू के. ने बुधवार को इछावर तहसील के ग्राम नरसिंहखेड़ा एवं सेवनिया में किसानों द्वारा की जा रही जैविक खेती का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जैविक खेती कर रहे किसानों से संवाद किया और किसानों द्वारा उत्पादित किए जा रहे जैविक उत्पादों के बारे में जानकारी ली। कलेक्टर ने किसानों के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें जैविक खेती को और अधिक विस्तार देने के लिए प्रोत्साहित किया।

कलेक्टर बालागुरू के. ने निरीक्षण के दौरान कृषि विभाग की रेनफेड एरिया डेवलपमेंट (RAD) योजना अंतर्गत स्थापित साइलोपिट एवं वर्मी कम्पोस्ट यूनिट का भी अवलोकन किया। उन्होंने इन इकाइयों के प्रभावी संचालन करने और अन्य किसानों को भी इन तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने किसानों को नरवाई नही जलाने के लिए प्रेरित किया और नरवाई प्रबंधन के वैकल्पिक उपायों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नरवाई जलाने से पर्यावरण को हानि होती है एवं मृदा की उर्वरता प्रभावित होती है, इसलिए इसके वैज्ञानिक प्रबंधन को अपनाना आवश्यक है। कलेक्टर ने पटवारियों को निर्देश दिए कि वे हार्वेस्टर का उपयोग करने वाले किसानों की सूची तैयार रखें और उन किसानों की भी पहचान करें जिनके खेतों में आग लगने की संभावना अधिक है। ऐसे किसानों को विशेष रूप से जागरूक किया जाए ताकि वे नरवाई न जलाएं। उन्होंने नरवाई जलाने की घटनाओं की रोकथाम के लिए कृषि विस्तार अधिकारियों एवं पटवारियों को समन्वय स्थापित कर सतत निगरानी बनाए रखने एवं किसानों को जागरूक करने के निर्देश दिए।

इस दौरान कृषि विभाग के उप संचालक अशोक कुमार उपाध्याय ने भी किसानों को नरवाई प्रबंधन के लिए विभागीय योजनाओं के माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही सहायता के बारे में विस्तार से जानकारी दी। निरीक्षण के दौरान एसडीएम स्वाति मिश्रा, उपसंचालक अशोक उपाध्याय सहित संबंधित अधिकारी और किसान उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर