home page

सीहोरः चैत्र नवरात्रि को लेकर सलकनपुर में सुनिश्चित की जा रही हैं सभी आवश्यक व्यवस्थाएं

 | 
सीहोरः चैत्र नवरात्रि को लेकर सलकनपुर में सुनिश्चित की जा रही हैं सभी आवश्यक व्यवस्थाएं


- एसडीईआरएफ द्वारा दुकानदारों को दिया गया फायर सेफ्टी का प्रशिक्षण

सीहोर, 15 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सीहोर जिले में कलेक्टर बालागुरू के. के निर्देशानुसार आगामी 19 मार्च से प्रारंभ होने वाले चैत्र नवरात्रि पर्व के अवसर पर सलकनपुर स्थित विजयासन देवी मंदिर पर में आयोजित मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के दृष्टिगत प्रशासन एवं मंदिर समिति द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।

इसी क्रम में रविवार को एसडीईआरएफ के अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा सलकनपुर के दुकानदारों के साथ बैठक कर उन्हें अग्नि सुरक्षा से संबंधित प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान दुकानदारों को आग से बचाव के उपायों और आपात स्थिति में अपनाई जाने वाली सावधानियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई, ताकि मेला अवधि के दौरान किसी भी प्रकार की दुर्घटना की संभावना को रोका जा सके और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

उल्लेखनीय है कि कलेक्टर बालागुरू के. ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा है कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं इस प्रकार सुनिश्चित की जाएं कि दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े और वे सहज व सुव्यवस्थित ढंग से माता विजयासन देवी के दर्शन एवं पूजा-अर्चना कर सकें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर