home page

सीहोरः अमानक बीज विक्रय पर कार्रवाई, जिले के 04 बीज विक्रय केंद्रों के लाइसेंस निलंबित

 | 
सीहोरः अमानक बीज विक्रय पर कार्रवाई, जिले के 04 बीज विक्रय केंद्रों के लाइसेंस निलंबित


सीहोर, 27 फरवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सीहोर जिले में कृषि विभाग के उप संचालक एवं पदेन अनुज्ञापन प्राधिकारी अशोक कुमार उपाध्याय द्वारा अमानक बीज विक्रय करने पर जिले के 04 बीज विक्रय केंद्रों के बीज लाइसेंस निलंबित कर दिए गए हैं। इनमें सीहोर के गल्ला मंडी स्थित मेवाड़ा कृषि सेवा केन्द्र, जमोनिया रोड़ सीहोर स्थित हरिओम ट्रेडर्स, भैरूंदा विकासखंड स्थित मेसर्स स्वाति ट्रेडर्स और भैरूंदा के इंदौर भोपाल रोड़ स्थित मेसर्स रिजनेबल एग्रो एजेंसी शामिल है।

कृषि उप संचालक अशोक कुमार उपाध्याय ने शुक्रवार को बताया कि इन बीज विक्रेताओं के यहाँ से गेहूँ बीज के नमूने लेकर राज्य बीज परीक्षण प्रयोगशाला में परीक्षण के लिए भेजे गए थे। परीक्षण के बाद बीजों की अंकुरण क्षमता निर्धारित मानक से कम पाई गई। इसके साथ ही इन अमानक बीजों को बनाने वाली कंपनियों पर भी कार्रवाई की गई है, इन कंपनियों के उत्पादों को जिले में प्रतिबंधित कर दिया गया है। इनमें मेसर्स कुबेर सीड्स एंड बायोटेक नेमी वेयरहाउस अम्बोदिया रोड नाईखेडी उज्जैन, मेसर्स हरियाली एग्रो सीड्स एंड फर्टिलाइजर्स प्रा. लि. इमली बाजार खातेगांव देवास और मेसर्स महिको प्राइवेट लिमिटेड मुंबई (महाराष्ट्र) शामिल है। उन्होंने बताया कि संबंधित विक्रय स्थलों के निरीक्षण कर शेष स्टॉक की जानकारी प्राप्त करने एवं आवश्यक वैधानिक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए हैं।

कृषि विभाग द्वारा किसानों से अपील की गई है कि बीज खरीदते समय प्रमाणित एवं मानक बीज ही अधिकृत विक्रेताओं से खरीदें तथा किसी भी प्रकार की शिकायत होने पर अपने विकासखंड के वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी या कृषि कार्यालय में संपर्क करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर