home page

सीहोरः जिले में एक अप्रैल से अब तक अवैध खनिज के 306 प्रकरण दर्ज, 1.27 करोड़ का अर्थदंड अधिरोपित

 | 
सीहोरः जिले में एक अप्रैल से अब तक अवैध खनिज के 306 प्रकरण दर्ज, 1.27 करोड़ का अर्थदंड अधिरोपित


- अवैध खनिज गतिविधियों पर लगाई जाए प्रभावी रोकथाम - कलेक्टर, एसपी

सीहोर, 26 फरवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सीहोर जिले में खनिज गतिविधियों की सतत निगरानी के लिए संयुक्त कार्रवाई की जा रही है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में 01 अप्रैल 2025 से अब तक अवैध खनिज परिवहन, उत्खनन एवं भंडारण के कुल 306 प्रकरण दर्ज किए गए, जिनमें लगभग एक करोड़ 27 लाख 18 हजार रुपये का अर्थदंड अधिरोपित किया गया।

यह जानकारी गुरुवार को कलेक्टर बालागुरू के. की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट में आयोजित खनिज विभाग की जिला टास्क फोर्स की बैठक में दी गई। बैठक में खनिज विभाग द्वारा जिले में खनिज राजस्व प्राप्ति, अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण की रोकथाम संबंधी गतिविधियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

बैठक में कलेक्टर बालागुरू के. और एसपी दीपक कुमार शुक्ला ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश दिए कि अवैध उत्खनन एवं परिवहन पर पूर्णतः रोक लगाने के लिए राजस्व, पुलिस, खनिज एवं परिवहन विभाग संयुक्त रूप से सतत कार्यवाही करें तथा संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करें।

बैठक में बताया गया कि जिले में वित्तीय वर्ष 2025-26 में 01 अप्रैल 2025 से 18 दिसंबर 2025 तक अवैध खनिज परिवहन, उत्खनन एवं भंडारण के कुल 306 प्रकरणों में लगभग एक करोड़ 27 लाख 18 हजार रुपये का अर्थदंड अधिरोपित किया गया। इनमें से एक करोड़ 26 लाख 57 हजार रुपये की वसूली की गई। इस अवधि में बड़ी संख्या में वाहनों एवं मशीनों पर कार्रवाई करते हुए 218 ट्रैक्टर-ट्रॉली, 43 डंपर, 06 पोकलेन, 22 जेसीबी सहित पनडुब्बी, लोडर एवं अन्य उपकरण जब्त किए गए।

इसी प्रकार 19 दिसंबर 2025 से 25 फरवरी 2026 तक कुल 66 प्रकरण दर्ज किए गए, जिनमें 24 लाख 36 हजार रुपये का अर्थदंड अधिरोपित किया गया तथा लगभग 23 लाख 75 हजार रुपये की वसूली की गई। कार्रवाई के दौरान 53 ट्रैक्टर-ट्रॉली, 2 डंपर, 7 जेसीबी एवं अन्य मशीनरी जब्त की गई। बैठक डीएफओ अर्चना पटेल, जिला खनिज अधिकारी धर्मेंद्र चौहान सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर