home page

मप्रः एनसीटीई पाठ्यक्रमों के द्वितीय चरण का सीट आवंटन जारी

 | 
मप्रः एनसीटीई पाठ्यक्रमों के द्वितीय चरण का सीट आवंटन जारी


भोपाल, 29 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश में उच्च शिक्षा विभाग द्वारा सोमवार को शैक्षणिक सत्र 2026-27 के अंतर्गत एनसीटीई पाठ्यक्रमों की प्रवेश प्रक्रिया के द्वितीय चरण का सीट आवंटन जारी कर दिया गया है।

एनसीटीई पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए अब तक 99,597 विद्यार्थियों ने पंजीयन कराया है, जिनमें से 78,784 विद्यार्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन पूर्ण किया जा चुका है। द्वितीय चरण में 21,242 विद्यार्थियों ने पंजीयन कराया, जिनमें से 19,166 विद्यार्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन किया गया। सत्यापन उपरांत 18,563 विद्यार्थियों को विभिन्न महाविद्यालयों में सीट आवंटित की गई है।

उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व प्रथम चरण में 16,856 विद्यार्थियों को प्रवेश प्रदान किया जा चुका है। इस प्रकार प्रथम एवं द्वितीय चरण को मिलाकर अब तक कुल 35,419 विद्यार्थियों को एनसीटीई पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए सीट आवंटित की जा चुकी है। द्वितीय चरण में सीट आवंटित विद्यार्थियों को 29 जून से 4 जुलाई 2026 तक निर्धारित शुल्क जमा कर अपना प्रवेश सुनिश्चित करना होगा। उच्च शिक्षा विभाग के अंतर्गत संचालित प्रवेश प्रक्रिया में अब तक स्नातक पाठ्यक्रमों में लगभग 2 लाख तथा स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में लगभग 60 हजार विद्यार्थियों ने प्रवेश प्राप्त कर लिया है। इस प्रकार विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न पाठ्यक्रमों में अब तक लगभग 2 लाख 78 हजार विद्यार्थी प्रवेश प्राप्त कर चुके हैं।

उच्च शिक्षा विभाग ने द्वितीय चरण में सीट आवंटित सभी विद्यार्थियों से निर्धारित समय-सीमा के भीतर शुल्क जमा कर संबंधित महाविद्यालय में आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण करते हुए प्रवेश सुनिश्चित करने का आग्रह किया है। साथ ही महाविद्यालयों को निर्देशित किया गया है कि वे निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रवेश प्रक्रिया को पारदर्शी, समयबद्ध एवं सुचारु रूप से संपन्न कराना सुनिश्चित करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर