केन्द्रीय मंत्री सिंधिया आज अशोकनगर प्रवास पर, प्रधान डाकघर के नवनिर्मित भवन का करेंगे लोकार्पण
अशोकनगर, 17 अक्टूबर (हि.स.)। केन्द्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया आज (शनिवार) मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले के प्रवास पर रहेंगे। वे यहां विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। इस दौरान वे योजना तथा वास्तुकला से अभिकल्पित नवनिर्मित प्रधान डाकघर भवन का लोकार्पण करेंगे।
जिला प्रशासन द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, प्रात: 10 बजे से 11 बजे तक आमजन से जनसंपर्क करेंगे। तत्पश्चात सिंधिया प्रात: 11 बजे से प्रात: 11.30 तक किला कोठी में स्थानीय बैठक, प्रात: 11.40 बजे शासकीय अस्पताल चंदेरी का साइट विजिट के बाद दोपहर 01 बजे महोली में लोधी समाज के कार्यक्रम में शामिल होंगे। वे दोपहर 03 बजे सेमरखेडी ढाकोनी में ग्राम चौपाल में भाग लेने के बाद शाम 04.30 बजे पोस्ट ऑफिस अशोकनगर में नवीन डाकघर का उद्घाटन करेगें।
गुना डाकघर के अधीक्षक ओपी चतुर्वेदी ने जानकारी देते हुए बताया कि भारत सरकार की डाकघर आधुनिकीकरण की महत्वाकांक्षी पहल के अंतर्गत स्कूल ऑफ प्लानिंग एण्ड आर्किटेक्चर नई दिल्ली के डिजाइन संबंधी दिशा.निर्देशों के अनुरूप अशोकनगर प्रधान डाकघर के पुराने भवन के स्थान पर करीब 2 करोड़ 35 लाख की लागत से निर्मित किया गया है। अशोकनगर की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक पहचान को ध्यान में रखते हुये डाकघर भवन को आधुनिक आकर्षक एवं नागरिक केंद्रित स्वरूप प्रदान किया गया है।
उन्होंने बताया कि एसपीए के डिजाइन संबंधी दिशा निर्देशों के अनुरूप डाकघर भवन के बाहरी एवं आंतरिक स्वरूप को आधुनिक एवं आकर्षक बनाया गया है। प्रमुख रूप से जन सेवा कनेक्ट एक बहुउद्देशीय नागरिक सुविधा केंद्र के माध्यम से आम जनता को डाक विभाग की सेवाओं को एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने की परिकल्पना है। यह युवाओं, वरिष्ठ नागरिकों एवं आम नागरिकों के लिये उपयोगी होगा।
अशोकनगर प्रधान डाकघर आधुनिकीकरण केवल भवन के नवनिर्माण एवं सौंदर्यीकरण तक सीमित नहीं है, बल्कि डाकघर को आधुनिक एवं नागरिक केंद्रित जनसेवा केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। आधुनिक सुविधाओं एवं बेहतर सेवा वातावरण के माध्यम से नागरिकों को स्पीड पोस्ट, बचत बैंक, डाक जीवन बीमा, आधार, पार्सल, पासपोर्ट तथा अन्य डाक एवं वित्तीय सेवायें अधिक सुविधाजनक ढंग से उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

