home page

मप्रः केंद्रीय मंत्री सिंधिया आज शिवपुरी जिले में कई कार्यक्रमों में होंगे शामिल

 | 
मप्रः केंद्रीय मंत्री सिंधिया आज शिवपुरी जिले में कई कार्यक्रमों में होंगे शामिल


भोपाल, 01 सितम्बर (हि.स.)। केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के तीन दिवसीय प्रवास के दूसरे दिन मंगलवार को कोलारस एवं शिवपुरी में विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण, भूमि पूजन तथा अन्य स्थानीय कार्यक्रमों में सम्मिलित होंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया आज शिवपुरी में पॉलिटेक्निक कॉलेज के पास 50 सीटर अनुसूचित जाति प्री-मैट्रिक बालक छात्रावास का भूमि पूजन और नगर पालिका की विभिन्न सड़कों का भूमि पूजन करेंगे। इसके उपरांत वे नव-विकसित अमृत भारत रेलवे स्टेशन शिवपुरी का दौरा करेंगे तथा पोहरी रेलवे ओवर ब्रिज का निरीक्षण करेंगे। तत्पश्चात सिंधिया सिंहनिवास एवं रातौर में स्थानीय कार्यक्रमों में भाग के उपरांत तानपुर में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तानपुर का लोकार्पण, ग्राम सिंहनिवास सब-स्टेशन का लोकार्पण, शासकीय माध्यमिक स्कूल भवन सिंहनिवास का भूमि पूजन एवं उप तहसील ठर्रा का लोकार्पण करेंगे।

इसके बाद वे ग्राम पाली में पाली-राजगढ़ रोड का भूमि पूजन, कुम्हरौआ से बागरोद रोड (वाया पिपरौदा) का भूमि पूजन, ग्राम कार्या में हाई स्कूल भवन का लोकार्पण, ग्राम पंचायत भवन खरई का लोकार्पण तथा पड़ोरा चौराहा पर आरसीसी रोड का लोकार्पण करेंगे। इसके बाद लुकवासा में स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे। बिजरौनी बायपास रोड एवं दौलतपुर से साईखेड़ा रोड का भूमि पूजन करेंगे।

सिंधिया कोलारस में स्थानीय कार्यक्रम के उपरांत कोलारस रेलवे स्टेशन से उज्जैनी एक्सप्रेस (14309/14310) के नए ठहराव का फ्लैग-ऑफ (हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ) करेंगे एवं टूरिस्ट विलेज शिवपुरी में रात्रि विश्राम करेंगे। अगले दिन 2 सितम्बर को सुबह 10 बजे से कार्यक्रम की शुरुआत होगी। छत्री रोड, सईसपुरा एवं राघवेन्द्र नगर शिवपुरी पर स्थानीय कार्यक्रमों में भाग लेंगे। कलेक्ट्रेट शिवपुरी में डीवीएमसी अथवा दिशा की बैठक में शामिल होंगे। प्रधान डाकघर शिवपुरी का लोकार्पण एवं ककरवाया (लॉ कॉलेज के पास) पोस्टल प्रशिक्षण केंद्र का भूमि पूजन करेंगे। इसके पश्चात स्थानीय कार्यक्रम में सम्मिलित होने के उपरांत ग्वालियर के लिए प्रस्थान करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर