मप्रः ग्रामीण क्षेत्र के स्कूलों की व्यवस्थाओं को देखने पहुंचे स्कूल शिक्षा सचिव डॉ. गोयल
- स्कूलों का निरीक्षण किया, विद्यार्थियों एवं शिक्षकों से संवाद कर परखीं शालेय गतिविधियां
भोपाल, 21 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी आसानी से विद्यार्थियों तक पहुंच जाए। साथ ही शिक्षा व्यवस्था की वास्तविक स्थिति का आकलन कर उसमें विद्यार्थियों एवं शिक्षकों की अपेक्षाओं के अनुरूप आवश्यक सुधार किए जाएं। इस उद्देश्य से प्रदेश सरकार द्वारा मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान चलाया जा रहा है।
शुक्रवार को अभियान के अंतर्गत स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. संजय गोयल विदिशा जिले के ग्यारसपुर विकासखंड की शासकीय हाई स्कूल-1, माध्यमिक शाला धनिया खेड़ी एवं प्राथमिक शाला धनिया खेड़ी पहुँचे। यहां पर स्कूलों का निरीक्षण किया। विद्यार्थियों एवं शिक्षकों से संवाद कर विभिन्न विभागीय योजनाओं के लाभ, विद्यालयीन गतिविधियों एवं शैक्षणिक व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। इसके साथ ही विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के सुझाव सुने और उनके अनुभवों को जाना।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

