home page

सतनाः यूसीएल फैक्ट्री में कर्मचारी की मौत पर हंगामा, परिजनों ने की मुआवजा और नौकरी की मांग

 | 
सतनाः यूसीएल फैक्ट्री में कर्मचारी की मौत पर हंगामा, परिजनों ने की मुआवजा और नौकरी की मांग


सतना, 11 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सतना स्थित यूसीएल (यूनिवर्सल केबल लिमिटेड) फैक्ट्री में गुरुवार को ड्यूटी के दौरान एक कर्मचारी की मौत हो गई। इसके बाद परिजनों ने मुआवजा और नौकरी की मांग को लेकर जमकर हंगामा किया। स्थिति को देखते हुए मौके पर सीएसपी देवेंद्र प्रताप सिंह, कोलगवां थाना प्रभारी सुदीप सोनी सहित भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

जानकारी के अनुसार, फैक्ट्री में लैब टेक्नीशियन के पद पर कार्यरत सत्य प्रकाश तिवारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चिकित्सकों ने मौत का कारण हार्ट अटैक बताया है, लेकिन परिजनों ने फैक्ट्री प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है।

परिजनों का कहना है कि सत्य प्रकाश तिवारी को गुरुवार सुबह करीब 8 बजे ड्यूटी के दौरान सीने में तेज दर्द और हार्ट अटैक जैसे लक्षण महसूस हुए थे। आरोप है कि उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाने के बजाय फैक्ट्री परिसर में ही गैस की दवा और नींबू पानी दिया जाता रहा। परिवार का दावा है कि लगभग दो घंटे तक उचित चिकित्सा सहायता नहीं मिली। सुबह करीब 10 बजे उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

इसके बाद आक्रोशित परिजन और समर्थक मृतक का शव एंबुलेंस में लेकर दोपहर 3 बजे यूनिवर्सल केबल फैक्ट्री के मुख्य गेट पर पहुंच गए और प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने फैक्ट्री प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की।

परिजनों का आरोप है कि यदि समय रहते सत्य प्रकाश तिवारी को अस्पताल पहुंचाया जाता तो उनकी जान बचाई जा सकती थी। उन्होंने फैक्ट्री प्रबंधन से 10 लाख रुपए मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग रखी है।

मौके पर सीएसपी देवेंद्र प्रताप सिंह, कोलगवां थाना प्रभारी सुदीप सोनी सहित भारी पुलिस बल तैनात है। पुलिस अधिकारियों द्वारा परिजनों और फैक्ट्री प्रबंधन के बीच बातचीत कर मामला शांत कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस पूरे मामले की जानकारी जुटा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों तथा लापरवाही के आरोपों की स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर